आज भी Free रहेगा देश का सबसे महंगा Toll Plaza,  पढ़ें पूरी खबर

punjabkesari.in Wednesday, Jun 19, 2024 - 10:41 AM (IST)

लुधियाना (अनिल): नैशनल हाईवे पर स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा पर भारतीय किसान यूनियन के संगठनों ने चौथे दिन भी अपना धरना-प्रदर्शन जारी रखते हुए टोल फ्री किया गया। टोल प्लाजा पर धरने की अगुवाई कर रहे भारतीय किसान मजदूर यूनियन के प्रधान दिलबाग सिंह गिल, भारतीय किसान यूनियन दोआबा के पंजाब प्रधान मनजीत राय व मालवा जोन के प्रधान इंद्रवीर सिंह कादियां ने कहा कि टोल प्लाजा पर हमारा धरना तब तक जारी रहेगा जब तक नैशनल हाईवे अथॉरिटी द्वारा बढ़ाए हुए रेटों में कमी नहीं की जाती है। उन्होंने कहा कि 1 साल में टोल प्लाजा पर तीसरी बार टोल रेट में बढ़ौतरी की गई है। यह देश का सबसे महंगा टोल प्लाजा होने के कारण लोगों को यहां भारी मुसीबतें उठानी पड़ रही हैं। जहां तक कि टोल प्लाजा ने वाहन चालकों को सुविधा देने की जगह मुश्किल खड़ी कर रखी है।

अगर टोल प्लाजा संचालकों ने उनकी मांगों को नहीं माना तो यह धरना प्रदर्शन अनिश्चितकाल तक लगा रहेगा। जब तक हम धरने पर बैठे हैं तब तक किसी भी वाहन चालक से टोल फीस वसूल नहीं करने दी जाएगी। प्रधान गिल ने कहा कि आज भारतीय किसान यूनियन को कई संगठनों ने अपना समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि पहले भी उनकी यूनियन द्वारा कई बार टोल रेट में हुई बढ़ौतरी को लेकर टोल प्रशासन को मांग पत्र दिए जा चुके हैं परंतु हर बार मांग पत्र लेने के बाद उस पर कोई भी अमल नहीं किया जाता है, इसलिए भारतीय किसान यूनियन तब तक टोल प्लाजा से अपना धरना नहीं उठाएगी जब तक टोल के नए रेट की लिस्ट नहीं लग जाती।

टोल फ्री होने के कारण खुश दिखे वाहन चालक
लाडोवाल टोल प्लाजा पर आज किसानों ने अपना धरना तीसरे दिन ङी शांतिमय तरीके से जारी रखा व तीसरे दिन भी टोल प्लाजा पर सभी वाहनों को बिना टोल फीस लिए ही निकाला जा रहा है। टोल प्लाजा पर लगे धरने में लोगों से टोल न वसूल करने को लेकर वाहन चालकों में खुशी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि ऐसे ही टोल प्लाजा फ्री करना चाहिए ताकि उनको कुछ तो राहत मिल सके।

टोल प्लाजा का हो चुका अढ़ाई करोड़ से अधिक नुकसान : मैनेजर दीपेंद्र सिंह
लाडोवाल टोल प्लाजा के मैनेजर दीपेंद्र सिंह ने बताया कि कि उन्होंने किसान संगठनों की सारी मांगें नैशनल हाईवे अथारिटी के पास पहुंचा दी हैं। उन्होंने बताया कि लाडोवाल टोल प्लाजा पर  टोल बंद रहने से अढ़ाई करोड़ रुपए से अधिक नुकसान हो चुका है। उन्होंने बताया कि हमारी कंपनी ने तो नैशनल हाईवे अथारिटी से टोल चलाने का ठेका लिया हुआ है, इसमें कंपनी कोई फैसला नहीं कर सकती है। टोल रेट में बढ़ौतरी और कमी करने के अधिकार नैशनल हाईवे अथारिटी के पास हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News