Punjab : ड्रग तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश, बर्खास्त पुलिसकर्मी समेत 6 गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 01:34 PM (IST)
फरीदकोट : (राजन/रघुनंदन पराशर): पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही मुहिम ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत डी.जी.पी. गौरव यादव के नेतृत्व में नशा तस्करी नेटवर्कों के खिलाफ योजनाबद्ध और संसाधन-आधारित ऑपरेशन के दौरान फरीदकोट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 02 महिलाओं सहित 06 नशा तस्करों को 4.804 किलोग्राम हेरोइन और 01 हथियार समेत गिरफ्तार कर पाकिस्तान-आधारित तस्करों द्वारा संचालित अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी एस.एस.पी. फरीदकोट डॉ. प्रग्या जैन ने रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा की।
गिरफ्तार किए गए मुलज़िमों में अमरदीप सिंह उर्फ बॉक्सर और डिंपल रानी (जिला फिरोजपुर), जबकि रमणदीप कौर, सरबजीत सिंह उर्फ सब्बा और अमृतपाल सिंह उर्फ अभिजोत (जिला मोगा) के निवासी हैं। इसके अलावा एक अन्य मुलज़िम जर्नैल सिंह उर्फ गोल्डी (जिला लुधियाना) से संबंधित है। पुलिस ने मुलज़िमों के कब्जे से 04 किलो 804 ग्राम हेरोइन, .30 बोर की 01 पिस्तौल सहित 03 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त तस्करी में प्रयुक्त थार और एक्सयूवी-500 गाड़ियों को भी कब्जे में लिया गया है।

एस.एस.पी. डॉ. प्रग्या जैन ने बताया कि 20-21 फरवरी की दरमियानी रात सी.आई.ए. स्टाफ फरीदकोट की टीमों ने ग्रीन एवेन्यू जाने वाली सड़क पर खड़ी एक थार गाड़ी को संदेह के आधार पर रोका। गाड़ी में सवार जर्नैल सिंह उर्फ गोल्डी, रमणदीप कौर, सरबजीत सिंह उर्फ सब्बा और अमृतपाल सिंह उर्फ अभिजोत की डी.एस.पी. (फरीदकोट) तरलोचन सिंह की निगरानी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान गाड़ी की अगली कंडक्टर सीट के पास रखे एक किट बैग से 1 किलो 8 ग्राम हेरोइन तथा 30,000 रुपये ड्रग मनी बरामद हुई। इसके बाद चारों मुलज़िमों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि यह खेप अमरदीप सिंह उर्फ बॉक्सर द्वारा अपनी एक्सयूवी-500 गाड़ी के माध्यम से उपलब्ध करवाई गई थी, जिसके बदले 2 लाख 60 हजार रुपये अदा किए गए थे। इसके बाद अमरदीप सिंह को नामजद कर उसकी तलाश शुरू की गई। इंस्पेक्टर अमरिंदर सिंह, इंचार्ज सी.आई.ए. स्टाफ फरीदकोट ने पुलिस टीम सहित गांव गोलेवाला सेमनाला के पास उसे उसकी कार और एक महिला डिंपल रानी सहित गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 5 पुलिंदों में कुल 3 किलो 796 ग्राम हेरोइन, .30 बोर की एक पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुलज़िम पाकिस्तान-आधारित हैंडलरों के साथ मिलकर नशा तस्करी का नेटवर्क चला रहे थे। ड्रोन के माध्यम से बड़े पैमाने पर हेरोइन की खेप भारतीय क्षेत्र में भेजी गई थी, जिसे गिरफ्तार किए गए मुलज़िम आगे अन्य तस्करों को सप्लाई करने वाले थे। एस.एस.पी. डॉ. प्रग्या जैन ने बताया कि पाकिस्तान-आधारित हैंडलरों से जुड़े अन्य मुलज़िमों की पहचान के लिए जांच जारी है और उन्हें गिरफ्तार करने हेतु छापेमारी की जा रही है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मुख्य मुलज़िम अमरदीप सिंह उर्फ बॉक्सर के खिलाफ नशा तस्करी और अन्य गंभीर धाराओं के तहत पहले से 09 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा गिरोह में शामिल अन्य मुलज़िमों के खिलाफ भी 03 मुकदमे दर्ज हैं। मुख्य मुलज़िम अमरदीप सिंह उर्फ बॉक्सर पी.ए.पी. कैडर का बर्खास्त कर्मचारी है, जबकि उसका साथी जर्नैल सिंह उर्फ गोल्डी सेना में कार्यरत है। गिरफ्तार मुलज़िमों को माननीय अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया गया है ताकि उनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच की जा सके। एस.एस.पी. डॉ. प्रग्या जैन ने बताया कि यह कार्रवाई जोगेश्वर सिंह गोराया एस.पी. (इन्वेस्टिगेशन) फरीदकोट के दिशा-निर्देशों और अवतार सिंह डी.एस.पी. (इन्वेस्टिगेशन) फरीदकोट की सीधी निगरानी में अंजाम दी गई।
𝐈𝐧 𝐚 𝐦𝐚𝐣𝐨𝐫 𝐛𝐫𝐞𝐚𝐤𝐭𝐡𝐫𝐨𝐮𝐠𝐡, @FaridkotPolice, 𝐚𝐟𝐭𝐞𝐫 𝐚 𝟐-𝐦𝐨𝐧𝐭𝐡-𝐥𝐨𝐧𝐠 𝐣𝐚𝐢𝐥-𝐛𝐚𝐬𝐞𝐝 𝐢𝐧𝐭𝐞𝐫𝐜𝐞𝐩𝐭𝐢𝐨𝐧, 𝐛𝐮𝐬𝐭𝐬 𝐚 𝐰𝐞𝐥𝐥-𝐨𝐫𝐠𝐚𝐧𝐢𝐬𝐞𝐝 𝐡𝐞𝐫𝐨𝐢𝐧 𝐭𝐫𝐚𝐟𝐟𝐢𝐜𝐤𝐢𝐧𝐠 𝐧𝐞𝐭𝐰𝐨𝐫𝐤, 𝐚𝐩𝐩𝐫𝐞𝐡𝐞𝐧𝐝𝐬 𝟔 𝐚𝐜𝐜𝐮𝐬𝐞𝐝,… pic.twitter.com/q6Z67JtSR8
— DGP Punjab Police (@DGPPunjabPolice) February 22, 2026
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

