Hoshiarpur: गांव में तेंदुए का आतंक, बछड़ी को बनाया शिकार... इलाके में दहशत

punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 05:42 PM (IST)

हाजीपुर (जोशी): शिवालिक की पहाड़ियों में बसे विधानसभा क्षेत्र दसूहा के गांव बडाला में रात के अंधेरे में एक तेंदुए के रिहायशी घर में दाखिल होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। तेंदुए ने घर के अहाते में बंधी एक गाय की बछड़ी पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद से न केवल पीड़ित परिवार बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों में भारी दहशत का माहौल है।

PunjabKesari

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव बडाला के निवासी नरिंदर कुमार शर्मा पुत्र पंडित ज्ञान चंद के घर में रात करीब 12 से 1 बजे के बीच एक खूंखार तेंदुआ दाखिल हो गया। गनीमत यह रही कि परिवार के सदस्यों की नजर घर में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की लाइव स्क्रीन पर पड़ गई, जिससे उन्हें घर के अंदर तेंदुए की मौजूदगी का पता चल गया।.तेंदुए को आंगन में घूमता देख परिवार के सदस्य डर के मारे अंदर ही दुबके रहे। 

वन्यजीव के खौफ का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि घर की रखवाली करने वाला वफादार कुत्ता भी डर कर कहीं छिप गया। तेंदुआ करीब एक घंटे तक घर के परिसर में बेखौफ इधर-उधर घूमता रहा। इसके बाद उसने घर से सटी पशुओं की हवेली का रुख किया और वहां बंधी एक गाय की बछड़ी को अपना शिकार बना लिया। जैसे ही सुबह यह खबर गांव बडाला और आसपास के क्षेत्रों में फैली, लोगों में अपनी और अपने पशुओं की जान को लेकर डर बैठ गया है।

शिवालिक की पहाड़ियों से सटे होने के कारण इस क्षेत्र में जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है, लेकिन आबादी वाले घर में घुसकर शिकार करने की इस घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र के निवासियों ने स्थानीय प्रशासन और वन्यजीव संरक्षण विभाग से तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि विभाग को क्षेत्र में पिंजरा लगाकर तेंदुए को जल्द से जल्द काबू करना चाहिए, ताकि किसी मानवीय जान का नुकसान न हो और लोग चैन की सांस ले सकें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News