3 साल की बच्ची को लेकर घूम रहे शख्स को लोगों ने पकड़ा, थाने पहुंचते ही खुला राज
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 08:43 PM (IST)
जालंधर: मॉडल हाउस स्थित पार्क में मंगलवार शाम उस समय हंगामा मच गया, जब एक व्यक्ति नशे की हालत में करीब 3 साल की बच्ची को साथ लेकर घूमता दिखाई दिया। बच्ची को उसके साथ देखकर लोगों को शक हुआ कि कहीं वह बच्ची को अगवा करके तो नहीं ले जा रहा। लोगों ने तुरंत व्यक्ति को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना भार्गव कैंप की पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति व बच्ची को अपने साथ थाने ले गई। पुलिस ने जब व्यक्ति से पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की।
थाना भार्गव कैंप के जांच अधिकारी एएसआई गुलजार सिंह के अनुसार, पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि मॉडल हाउस में लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास स्थित पार्क में एक व्यक्ति नशे की हालत में बच्ची के साथ घूम रहा है। पुलिस ने बच्ची के घर का पता लगाकर उसके परिजनों से संपर्क किया। जांच के दौरान सामने आया कि बच्ची के साथ पकड़ा गया व्यक्ति उसका पिता ही है। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।

