मार्शल आर्ट क्लास से 4 साल के मासूम को जबरन उठाकर ले गए लोग, पिता पर किडनैपिंग के आरोप
punjabkesari.in Saturday, Jul 18, 2026 - 02:25 PM (IST)
लुधियाना (गणेश सचिन): शहर के सुंदर नगर इलाके में एक 4 वर्षीय बच्चे को मार्शल आर्ट क्लास से जबरन उठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। बच्चे की मां ने आरोप लगाया है कि उसके पति और उसके साथ आए कुछ लोगों ने बच्चे को किडनैप कर लिया। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी हुई है। पीड़िता मोनालिका, निवासी महावीर जैन कॉलोनी, सुंदर नगर, ने बताया कि वह 16 जुलाई की शाम अपने चार वर्षीय बेटे सुवास को रोज की तरह मार्शल आर्ट प्रशिक्षण के लिए छोड़कर गई थी। कुछ ही देर बाद उन्हें सूचना मिली कि कुछ लोग क्लास में आए और बच्चे को अपने साथ ले गए।
सीसीटीवी में क्या दिखा
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक सिल्वर रंग की कार क्लास के बाहर रुकती दिखाई देती है। कार से दो व्यक्ति उतरकर सीधे अंदर जाते हैं और कुछ ही क्षण बाद बच्चे को गोद में उठाकर बाहर निकलते हैं। वीडियो में बच्चा विरोध करता भी दिखाई देता है। इसके बाद सभी लोग कार में बैठकर वहां से चले जाते हैं।
पति पर लगाए गंभीर आरोप
मोनालिका का कहना है कि उनकी शादी वर्ष 2020 में हुई थी, लेकिन वैवाहिक विवाद के चलते वह पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही हैं। उनके अनुसार पति के किसी अन्य महिला से संबंधों को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा है और मामला अदालत में भी विचाराधीन है। पीड़िता का आरोप है कि अदालत की प्रक्रिया चलने के बावजूद उसके पति ने कानून का सहारा लेने के बजाय बच्चे को जबरन अपने साथ ले जाने की योजना बनाई।
पहले भी विवाद होने का दावा
मोनालिका ने दावा किया कि इससे पहले भी जून महीने में उनके पति और कुछ अन्य लोग उनके घर पहुंचे थे और बच्चे को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया था। उस समय स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप और पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत हुआ था। उनके अनुसार पुलिस ने उस समय पति को बिना कानूनी अनुमति बच्चे को अपने साथ न ले जाने की चेतावनी भी दी थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना दरेसी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी पक्ष के संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
मां ने लोगों से की अपील
पीड़ित मां ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपने बेटे को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि यदि किसी को बच्चा या घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन दिखाई दें तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर बच्चे को सकुशल बरामद करने की मांग की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

