दुकान से उठाया, घर ले जाकर बनाया बंधक... लुधियाना में युवक पर दरिंदगी की सारी हदें पार

punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 09:43 AM (IST)

लुधियाना, (राज): महानगर में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए गुंडागर्दी और तालिबानी टॉर्चर का एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। यहाँ कुछ बेखौफ बदमाशों ने एक युवक पर न सिर्फ सरेआम दुकान के भीतर घुसकर हमला किया, बल्कि उसका मोबाइल छीनकर उसे जबरन मोटरसाइकिल पर अगवा कर लिया। आरोपी, युवक को अपने साथ एक घर में ले गए और वहां उसे रस्सी से कुर्सी के साथ बांधकर डंडों से बेरहमी से पीटा। दरिंदगी यहीं नहीं रुकी, लहूलुहान हालत में तड़प रहे युवक की आरोपियों ने जबरन मोबाइल पर वीडियो भी रिकॉर्ड की। पीड़ित युवक किसी तरह मौत के मुंह से निकलकर अपनी जान बचाकर भागने में कामयाब रहा। 

कॉलर से पकड़ घसीटते हुए दुकान से बाहर सड़क पर लाएं
सुनीत कुमार ने पुलिस बयानों में बताया कि बीती 8 जुलाई को वह इलाके में स्थित अपने दोस्त वाजिंदर की मोबाइल फोन की दुकान पर बैठा हुआ था। दोनों आपस में बातचीत कर रहे थे कि अचानक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए कुछ युवक दुकान के भीतर घुस आए। आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और सबसे पहले पीड़ित का मोबाइल फोन झपट लिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को कॉलर से पकड़ा और घसीटते हुए दुकान से बाहर सड़क पर ले आए। दुकान के बाहर आते ही आरोपियों ने अपने हाथों में पकड़े डंडों और लाठियों से पीड़ित पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। पीड़ित जान बचाने के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपी उसे बेरहमी से पीटते रहे। हौसले इस कदर बुलंद थे कि सरेआम हो रही इस मारपीट के बाद आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की खौफनाक धमकियां दीं और उसे जबरदस्ती घसीटकर अपनी मोटरसाइकिल पर बीच में बैठा लिया।

आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें की पार
आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, आरोपी युवक को अगवा करके सीधे रितेश नाम के एक आरोपी के घर लेकर पहुँचे। यहाँ आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने पीड़ित को कमरे के भीतर ले जाकर एक लकड़ी की कुर्सी पर बैठाया और रस्सियों से उसके हाथ-पैर पूरी तरह बांध दिए।फिर आरोपियों ने दोबारा डंडों से पीटना शुरू किया। जब पीड़ित दर्द से कराह रहा था और रहम की भीख मांग रहा था, तब आरोपियों ने मोबाइल फोन निकालकर उसकी लाइव वीडियो बनानी शुरू कर दी, ताकि बाद में उसे ब्लैकमेल किया जा सके। लेकिन पीड़ित अपनी जान बचाते हुए गलियों से निकलकर सीधे पुलिस के पास पहुँच गया। थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने पीड़ित युवक सुनीत कुमार के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी गुड्डू, अमित, शिव, रवि, रितेश और उसके साथियों के खिलाफ दुकान में घुसकर मारपीट करने, मोबाइल छीनने (स्नैचिंग), जबरन अगवा करने, बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और जान से मारने की धमकी देने की विभिन्न संगीन और गैर-जमानती धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News