OMG! बारिश बहा ले गई लुधियाना की सड़क, सवालों के घेरे में निगम

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 04:43 PM (IST)

लुधियाना(हितेश): नगर निगम लुधियाना द्वारा मानसून सीजन के दौरान पानी की निकासी न होने को लेकर कई दावे किए गए थे जो बारिश के दौरान पानी में बह गए। बुधवार को देर रात हुई भारी बारिश के बाद सड़कों पर दोपहर तक पानी जमा है। इसके साथ ही सीवरेज की सफाई आदि के वादे किए गए थे उनकी भी हवा निकल गई है। हालांकि इस मुद्दे पर मेयर कमिश्नर द्वारा पिछले कई महीनों से बैठकें की जा रही हैं कि सीवरेज आदि की सफाई की जाए लेकिन ग्राउंड लैवल पर कर्मचारियों द्वारा कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। इसका खामियाजा आज लोगों को भुगतना पड़ा।

इसके अलावा पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई मिशन ग्रीन मुहिम दौरान भी कमिश्नर और बाकी आला अधिकारियों द्वारा सीवरेज आदि की सफाई को लेकर निर्देश जारी किए गए थे लेकिन सारा काम कागजी तौर पर ही रहा। लोगों को बारिश के बाद गर्मी से तो राहत मिल गई लेकिन पानी की निकासी न होने के कारण उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

इसी बीच लुधियाना के शहीद भगत सिंह नगर में सिटी सेंटर के पास सड़क धंसने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बारिश का पानी सड़क को भी साथ ही बहाकर ले गया। अब सड़क आवाजाही के लिए बंद कर दी गई है। वहीं आसपास की इमारतों को भी खतरा बना हुआ है। इसके अलावा भी कई जगहों पर सड़क धंसने के मामले सामने आए हैं और सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे भी बन गए हैं जिसमें गाड़ियां धंस गई हैं।

वहीं निगम द्वारा 24 घंटे पानी की सप्लाई को लेकर बिछाई गई पाइपलाइन की जो खुदाई की गई थी उसकी भी अच्छे ढंग से रिपेयर न होने के चलते हर बार बारिश के बाद उन जगहों पर सड़क धंसने और गाड़ियों के धंसने की खबरें सामने आती हैं। इस तरह नगर निगम की लापरवाही के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News