लुधियाना में दिनदहाड़े महिला से लूट, ''पता'' पूछने के बहाने झपट ले गए सोने का मंगलसूत्र,  पूरी वारदात CCTV में कैद!

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 08:30 AM (IST)

लुधियाना (राज): फोकल प्वाइंट इंडस्ट्रियल एरिया में बेखौफ घूम रहे झपटमारों और लुटेरों ने पुलिस गश्त के दावों की सरेआम धज्जियां उड़ा दी हैं। यहां दिनदहाड़े एक महिला कर्मचारी के गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर मोटरसाइकिल सवार दो शातिर लुटेरे फरार हो गए। लुटेरों की यह पूरी करतूत पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें बाइक सवार बदमाश वारदात को अंजाम देते और महिला उनके पीछे भागती हुई साफ नजर आ रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की पहचान संध्या के रूप में हुई है, जो फोकल प्वाइंट स्थित आनंद फैक्ट्री में कपड़ों पर प्रेस करने का काम करती है। वारदात 30 जून की दोपहर की है। संध्या अपनी लंच ब्रेक के दौरान फैक्ट्री के बाहर बैठी हुई थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। लुटेरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले से ही एक सोची-समझी चाल चल रखी थी। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, दोनों बाइक सवार संध्या के पास आकर रुके और उससे 'साहिल फैक्ट्री' का रास्ता पूछने लगे। संध्या ने जब कहा कि उसे इस फैक्टरी के बारे में नहीं पता, तो आरोपी वहां से थोड़ा आगे निकल गए। लेकिन महज कुछ ही सेकंड बाद वे अपनी बाइक मोड़कर वापस संध्या के पास आए। 

इस बार बाइक के पीछे बैठे युवक ने संध्या को उलझाते हुए कहा, "आप हमें पता क्यों नहीं बता रही हैं?" इससे पहले कि संध्या उनकी इस हरकत को समझ पाती या संभल पाती, बाइक के पीछे बैठे युवक ने चीते जैसी फुर्ती दिखाते हुए संध्या के गले पर झपट्टा मारा और सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। इसके बाद चालक ने बाइक की स्पीड बढ़ाई और दोनों लुटेरे पलक झपकते ही मौके से फरार हो गए। गले पर झपट्टा लगते ही संध्या ने शोर मचाया और हिम्मत दिखाते हुए भागते लुटेरों की बाइक के पीछे भी दौड़ी, लेकिन रफ्तार तेज होने के कारण आरोपी भागने में कामयाब रहे। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने पुलिस को मामले की लिखित शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने वारदात की सीसीटीवी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News