लुधियाना के सर्राफा बाजार में करोड़ों की ठगी! 2 किलो सोना लेकर पार्टनरों ने खेला बड़ा खेल

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 08:46 AM (IST)

लुधियाना, (राज): महानगर के सबसे मशहूर और व्यस्त व्यापारिक केंद्र सर्राफा बाजार में सोने के व्यापार के नाम पर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ 'आर.एन. ज्वेलर्स' (R.N. Jewelers) के नाम पर पार्टनरशिप कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 2 किलो सोना ठग लिया गया। शातिर आरोपियों ने वह सारा सोना अपने ही रिश्तेदारों को आगे उधार पर बेच दिया और उसकी पेमेंट खुद डकार गए। थाना डिविजन नंबर 1 की पुलिस ने नवनीत कुमार की शिकायत पर गहन तफ्तीश के बाद पिता-पुत्र जतिंदरपाल और राहुल के खिलाफ अमानत में ख्यानत और धोखाधड़ी का संगीन मामला दर्ज कर लिया है।

शिकायतकर्ता नवनीत कुमार ने पुलिस को बताया कि आरोपी जतिंदरपाल और उसके बेटे राहुल वशिष्ठ ने उन्हें विश्वास में लिया था कि वे मिलकर सोने का एक बड़ा कारोबार शुरू करेंगे, जिसमें बहुत अच्छा मुनाफा होगा। उनकी बातों में आकर नवनीत ने सर्राफा बाजार लुधियाना में 'आर.एन. ज्वेलर्स' के नाम पर उनके साथ पार्टनरशिप कर ली। व्यापार को रफ्तार देने के लिए नवनीत ने दोनों आरोपियों को करीब 2 किलो असली सोना खरीद कर दे दिया। सोना हाथ में आते ही पिता-पुत्र की नीयत डोल गई और उन्होंने नवनीत को धोखा देने की एक सोची-समझी साजिश रची।

आरोपियों ने नवनीत को बिना बताए वह सारा का सारा 2 किलो सोना अपने ही सगे-संबंधियों और रिश्तेदारों को 'उधार' पर बेच दिया। जब नवनीत ने बिजनेस के हिसाब-किताब और सोने की पेमेंट मांगी, तो आरोपी टाल-मटोल करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों के रिश्तेदारों से आई मोटी पेमेंट को इन दोनों ने आपस में बांट लिया और आज तक उस रकम का एक भी पैसा नवनीत को नहीं दिया। पीड़ित नवनीत कुमार ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया। फिर जांच के बाद पुलिस आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में ख्यानत करने की धाराओं के तहत मुक़दमा दर्ज कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News