घर के बाहर नशा करने से रोका तो पिता-पुत्रों पर जानलेवा हमला, थाने पहुंचा मामला

punjabkesari.in Saturday, Aug 15, 2026 - 08:37 AM (IST)

लुधियाना(राज) : घर के बाहर खुलेआम नशा करने का विरोध करने पर आरोपियों द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति और उसके बेटों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने न केवल गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि बीच-बचाव करने आए बेटों को भी बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए।

इस मामले में थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने मंगल सिंह की शिकायत पर आरोपी कालू, भोला और उसके अज्ञात साथियों पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए बयानों में मंगल सिंह ने बताया कि 09 अगस्त को वह अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान इलाके के दो लड़के कालू और उसका दोस्त भोला वहां आकर बैठ गए और सरेआम नशा करने लगे। जब उस ने इसका विरोध किया और उन्हें अपने घर के नजदीक नशा करने से रोका, तो दोनों आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। गाली-गलौज के कुछ ही देर बाद दोनों आरोपी अपने साथ 5 से 7 अन्य अज्ञात युवकों को लेकर मौके पर पहुंच गए।

सभी ने मिलकर घर के बाहर बैठे पीडि़त पर हमला कर दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर जब उसके बेटे उसे बचाने के लिए घर से बाहर दौड़े, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला बोल दिया और बेटों के साथ भी जमकर मारपीट की। इस हमले में पीडि़त और उसके बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो हमलावर परिवार को जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में उन्हे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के साथियों की पहचान कर उन्हे जल्द काबू कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News