Ludhiana में खौफनाक खेल! पिस्तौल तानी, बेटियों को अगवा करने की धमकी... फिर करोड़ों का कारोबार हड़पा

punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 09:41 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में जान से मारने और परिवार को खत्म करने की धमकी देकर जबरन कारोबार हड़पने व करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्क्रैप का कारोबार करने के बहाने नजदीकियां बढ़ाकर दो शातिर आरोपियों ने एक फैक्ट्री मालिक पर पिस्तौल तान दी। आरोपियों ने उसकी मासूम बेटियों को किडनैप करने का खौफ दिखाकर पहले से तैयार कागजों पर जबरन दस्तखत करवाकर फर्जी पार्टनरशिप डीड तैयार कर ली और खाली चेकों पर साइन करवाकर करोड़ों का चूना लगा दिया। 

बात नहीं मानी तो बेटियों का कर लेंगे अपहरण 
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने गहन जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित रोहित कुमार ने बताया कि गांव बुड्ढेवाल रोड, निकट शुगर मिल में उनकी 'मोंगा ब्रदर्स यूनिट-2' नाम से व्यावसायिक फर्म है। आरोपी पवन कुमार और हरविंदर कुमार उनकी फर्म में अक्सर लोहे का स्क्रैप बेचने आया करते थे। बार-बार व्यापारिक लेन-देन के चलते आरोपियों ने पीड़ित के साथ काफी मेलजोल और नजदीकियां बढ़ा लीं। रोहित कुमार ने पुलिस को दिए बयानों में खौफनाक वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि 24 जून 2023 को दोनों आरोपी अचानक उनकी फर्म 'मोंगा ब्रदर्स' के दफ्तर में दाखिल हुए। अंदर आते ही आरोपियों ने अपने इरादे जाहिर कर दिए और अचानक पिस्तौल निकालकर उन पर तान दी। आरोपियों ने पीड़ित को धमकाते हुए कहा कि अगर उसने उनकी बात नहीं मानी तो वे उसकी बेटियों का अपहरण कर लेंगे और पूरे परिवार को जान से खत्म कर देंगे। बेटियों की जान खतरे में देख पीड़ित बुरी तरह सहम गया। 

दहशत के साए में आरोपियों ने पहले से ही खरीदकर लाए गए स्टांप पेपरों व अन्य कानूनी दस्तावेजों पर पीड़ित से जबरन हस्ताक्षर करवा लिए और फर्म में जबरन पार्टनरशिप डीड तैयार कर ली। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित की फर्म के कई खाली चेकों पर भी जबरन दस्तखत करवा लिए। इसके बाद आरोपियों ने इस फर्जी दस्तावेज और चेकों का दुरुपयोग कर पीड़ित के साथ करोड़ों रुपये की भारी-भरकम ठगी और धोखाधड़ी को अंजाम दिया। विरोध करने पर आरोपी लगातार पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकियां देते रहे। पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले की गहन और विस्तृत जांच करवाई गई। जांच रिपोर्ट में आरोप पूरी तरह सही पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी पवन कुमार और हरविंदर कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी, जबरन वसूली, जालसाजी और आर्म्स एक्ट के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News