सास से विवाद के बाद महिला ने गिल नहर में लगाई छलांग, मासूम बेटा करता रहा रोकने की मिन्नतें

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 09:54 AM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर के बरेटा रोड इलाके में घरेलू विवाद के चलते एक विवाहिता द्वारा गिल नहर में छलांग लगाकर जान देने की कोशिश करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला के साथ मौजूद उसके मासूम बेटे ने रोते-बिलखते हुए अपनी मां को रोकने की कोशिश की, लेकिन आक्रोश में आकर उसने नहर के गहरे पानी में छलांग लगा दी।

मासूम बच्चा रो-रोकर हाथ पकड़ करता रहा मिन्नतें
गनीमत यह रही कि किनारे पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों व राहगीरों ने बिना समय गंवाए अदम्य साहस का परिचय दिया और नहर में कूदकर महिला को डूबने से पहले सकुशल बाहर निकाल लिया। गंभीर हालत में महिला को लुधियाना के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरेटा रोड निवासी सिमरन (विवाहिता) सोमवार को घरेलू विवाद के बाद अत्यधिक तनाव में गिल नहर के किनारे पहुंची थी। उसके साथ उसका छोटा बेटा भी मौजूद था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब सिमरन नहर की पटरी से पानी की तरफ बढ़ने लगी, तो उसका मासूम बच्चा रो-रोकर उसका हाथ पकड़कर रोकने की मिन्नतें करता रहा। लेकिन महिला ने तैश में आकर बच्चे की परवाह किए बिना नहर में छलांग लगा दी। महिला को पानी में डूबता और बच्चे को चीखता-चिल्लाता देख वहां मौजूद स्थानीय राहगीरों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई।

कुछ साहसी युवक बिना अपनी जान की परवाह किए तेज बहाव वाली नहर में कूद पड़े और भारी मशक्कत के बाद महिला को बहने से पहले सुरक्षित किनारे खींच लाए। अचेत हालत में महिला को आनन-फानन में लुधियाना के सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया गया। अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टरों के अनुसार, महिला की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन उसे ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। सूचना मिलते ही पति रजत और अन्य रिश्तेदार भी अस्पताल पहुंच गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News