लुधियाना में निहंग बाने की आड़ में गुंडागर्दी! दिहाड़ीदार मजदूरों को बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल
punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 11:25 AM (IST)
लुधियाना, (राज): सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक खौफनाक वीडियो के आधार पर दिहाड़ीदार गरीब मजदूरों की बेरहमी से पिटाई करने और अवैध खोखे में असामाजिक गतिविधियां चलाने का मामला सामने आया है। निहंग बाने में मौजूद दो आरोपियों द्वारा लाचार मजदूरों पर हाथ उठाने और उन्हें धमकाने की वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए बयानों में आरोप लगाया है कि दोनों आरोपी एक खोखा बनाकर वहां कथित तौर पर गलत व गैर-कानूनी गतिविधियां चलाते हैं और विरोध करने पर गरीबों पर जुल्म ढाते हैं। थाना पुलिस ने हरप्रीत सिंह के बयानों के आधार पर निहंग मोती सिंह और हैप्पी सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि 31 अक्तूबर को जब वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक चला रहा था, तो उसकी नजर एक वायरल वीडियो पर पड़ी। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा था कि निहंग बाने में दो व्यक्ति—जिनकी पहचान निहंग मनी सिंह और निहंग हैप्पी सिंह के रूप में हुई है, निहत्थे और बेबस दिहाड़ीदार मजदूरों के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे थे और उनके साथ गाली-गलौज कर रहे थे। गरीब मजदूरों को सरेआम इस तरह पीटे जाने की वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों और कामगारों में भारी रोष फैल गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस के समक्ष गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उक्त दोनों आरोपियों ने इलाके में एक अस्थायी खोखा बना रखा है।
आरोप है कि आरोपी इस खोखे में बैठकर संदिग्ध व गलत गतिविधियों को अंजाम देते हैं और इलाके का माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं। जब कोई गरीब मजदूर या स्थानीय नागरिक इसका विरोध करता है या उनके रास्ते में आता है, तो आरोपी अपने बाने और रसूख की आड़ लेकर उनके साथ मारपीट और गुंडागर्दी पर उतर आते हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित थाना पुलिस ने वायरल वीडियो को अपने रिकॉर्ड में ले लिया है और घटना स्थल की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून को अपने हाथ में लेने और किसी भी व्यक्ति के साथ सरेआम मारपीट करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर जल्द ही आरोपियों को पूछताछ के लिए तलब किया जाएगा।

