Ludhiana में आग का तांडव: दूर तक दिखीं लपटें, जहरीले धुएं से लोग परेशान

punjabkesari.in Tuesday, Apr 21, 2026 - 10:24 AM (IST)

लुधियाना (मुकेश): महानगर में कई जगहों पर कूड़े के डम्पों पर आग लगने के कारण जहां आसपास रहने वाले लोगों को जहरीले धुएं के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं एक-दो जगहों पर बिजली उपकरण जलने से बचाव हो गया।

कूड़े के डम्प में लगी अचानक जबरदस्त आग
समाज सेवक साहिब राजपूत, विपन गर्ग, राजू गुप्ता, गुरप्रीत सिंह ने कहा कि फोकल प्वाइंट फेज-8 में धागा मिल के पास कूड़े के डंप में भीषण आग लग गई जो साथ ही स्थित कबाड़ के गोदाम तक पहुंच गई।इस दौरान नजदीक ही हौजरी में काम कर रहे कर्मचारियों ने जब भीषण आग लगी हुई देखी तो अपनी फैक्टरी में लगे आग बुझाने वाले यंत्रों से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया जिससे डम्प के पास लगे हुए बिजली उपकरण आदि जलने से बच गए। दूसरा मामला जमालपुर कालोनी एच.ई. कालोनी के सामने ग्लाडा के स्टोर की दीवार के साथ बने हुए कूड़े के डम्प में अचानक जबरदस्त आग लग गई जो कि धीरे धीरे स्टोर की ओर बढ़ने लगी।

जहरीला धुंआ भरने से लोगों को आई मुश्किल
जैसे ही आसपास के लोगों व दुकानदारों ने आग लगी हुई देखी शोर मचाना शुरू कर दिया व आग पर बाल्टियों से पानी व रेत फैंकनी शुरू कर दी। लोगों ने दमकल विभाग को भी फोन किया मगर मौके पर फायर टैंडर नहीं पहुंचा जिससे लोगों में रोष पाया गया। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इस दौरान ट्रांसफॉर्मर चपेट में आने से बच गया। तीसरा व चौथा मामला फोकल प्वाइंट विश्वकर्मा कालोनी व जमालपुर एच.एल. कालोनी का है जहां कूड़े के 2 जगहों डम्पों पर आग लगने के कारण इलाके में जहरीला धुंआ भर जाने के कारण लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आग बाबत फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया जिसने 2 घंटे के बाद आग पर काबू पाया।समाज सेवक ए.के. सोई, शामलाल गुप्ता, मंगलसेन उदेहरा, साहिब राजपूत ने कहा कि इलाके के लोग कूड़े के डंप से परेशान हैं। गर्मी के मौसम में कूड़े से उठने वाली दुर्गंध व आए दिन कूड़े के ढेरों में लगाई जाने वाली आग स्वच्छ भारत अभियान का जनाजा निकाले हुए है। कूड़े के ढेरों को लिफ्ट करने की बजाय आग के हवाले किया जा रहा है जब कि नगर निगम के अधिकारी कुंभकर्णी नींद सो रहे हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News