खाकी को खुली चुनौती: ACP की वीडियो से छेड़छाड़ कर बदमाशों ने बनाई 'गैंगस्टर रील', वायरल होते ही मचा हड़कंप
punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 11:26 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में कानून व्यवस्था को ठेंगे पर रखने वाले शरारती तत्वों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब वे पुलिस अधिकारियों की वीडियो एडिट कर अपनी 'गुंडागर्दी' चमकाने लगे हैं। एक वीडियो वायरल हुआ है जहां युवकों ने गैंगस्टर स्टाइल में रील बनाकर न केवल हथियारों का प्रदर्शन किया, बल्कि एसीपी सुमित सूद की एक पुरानी मीडिया बाइट को एडिट कर पुलिस को सीधे तौर पर चुनौती दे डाली है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस रील ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है और अब खाकी इन 'सोशल मीडिया के सूरमाओं' को सबक सिखाने की तैयारी में है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक कार के भीतर बैठकर पंजाबी गायक मनकीरत औलख के विवादित बोलों वाले गीत 'जेलां विच्चो फोन औणगे...' पर थिरक रहे हैं और हाथों में बेखौफ होकर पिस्टल लहरा रहे हैं। शातिर दिमाग युवकों ने वीडियो को और अधिक सनसनीखेज बनाने के लिए इसमें हथकड़ी लगे आरोपियों की क्लिप और एसीपी सुमित सूद की वीडियो का हिस्सा जोड़कर इसे एडिट किया है। इंस्टाग्राम पर इस रील को खूब लाइक्स मिल चुके हैं जिससे समाज में गैंगस्टरवाद को बढ़ावा मिलने का खतरा पैदा हो गया है।
इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए एसीपी सुमित सूद ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी पुलिस अधिकारी की वीडियो को काटकर इस तरह की आपराधिक गतिविधियों वाली रील में इस्तेमाल करना एक गंभीर कानूनी अपराध है। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं और वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान लगभग सुनिश्चित कर ली गई है। जल्द ही इन आरोपियों को काबू कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने और अपनी फर्जी आपराधिक छवि बनाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

