Reliance Jewels में ग्राहक बनकर आए शातिर चोर ने उड़ाई डायमंड रिंग, शोरूम में मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 09:08 AM (IST)
लुधियाना(राज): शहर के पॉश इलाके सिविल लाइंस स्थित कॉलेज रोड पर बने रिलायंस ज्वेल्स शोरूम में एक शातिर चोर ने बड़ी ही चालाकी से चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस किया दर्ज
आरोपी व्यक्ति शोरूम में ग्राहक बनकर दाखिल हुआ और कीमती सोने और हीरे के गहने देखने के बहाने एक बेशकीमती अंगूठी लेकर रफूचक्कर हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिविजन नंबर 8 की पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। रिलायंस ज्वेल्स के मैनेजर तेजबीर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 1 अप्रैल को एक अज्ञात व्यक्ति शोरूम में आया था। उसने सेल्समैन को सोना और डायमंड दिखाने के लिए कहा। काफी देर तक गहने देखने के बहाने उसने स्टाफ को अपनी बातों में उलझाए रखा और मौका मिलते ही धोखे से एक सोने और हीरे की अंगूठी चोरी कर ली।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही पुलिस
चोरी का पता तब चला जब स्टॉक का मिलान किया गया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

