चोरों ने घर के ताले तोड़ मचाया तांडव, CCTV खंगाल रही पुलिस
punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 10:28 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए अंदरूनी दरवाजों और अलमारियों के ताले तोड़कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर घर के अंदर रखी तिजोरी से नकदी और कीमती जेवरात लेकर रफूचक्कर हो गए।
पुलिस को दिए बयानों में ज्योति नैय्यर ने बताया कि घटना 31 मार्च की है। अज्ञात चोरों ने बड़ी चालाकी से घर के भीतर प्रवेश किया और अंदर वाले कमरों के दरवाजों के लॉक तोड़ दिए। चोरों का मुख्य निशाना घर की अलमारियां थीं, जिन्हें खंगालने के बाद उन्होंने लॉबी में रखी तिजोरी को अपना निशाना बनाया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, चोरों ने अलमारी और तिजोरी के लॉक तोड़कर उसमें रखी भारी मात्रा में नकदी, सोने और चांदी के गहने चोरी कर लिए। वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया गया कि घर के अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाए बिना चोर कीमती सामान समेट कर ले गए। घटना का पता तब चला जब परिवार ने कमरों के ताले टूटे हुए देखे और सारा सामान बिखरा पाया। सूचना मिलते ही थाना जमालपुर की पुलिस मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

