लुधियाना में बेखौफ चोरों ने गुरुद्वारा साहिब को बनाया निशाना, संगत और सेवादारों में भारी रोष

punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 10:10 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब उन्हें भगवान के घर में भी चोरी करते हुए खौफ महसूस नहीं हो रहा। ताजा मामला ढंडारी खुर्द इलाके का है, जहां गुरुद्वारा सिंह सभा में देर रात अज्ञात चोरों ने दरबार साहिब के ताले तोड़कर हजारों की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद इलाके की संगत और सेवादारों में भारी रोष पाया जा रहा है।

पुलिस को दिए बयानों में गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी सिंह कश्मीर सिंह ने बताया कि वह महज दो दिन पहले ही गुरुद्वारा सिंह सभा ढंडारी खुर्द में बतौर ग्रंथी सेवा निभाने के लिए आए थे। 3 फरवरी की दरमियानी रात को अज्ञात शातिर चोरों ने गुरुद्वारा साहिब को अपना निशाना बनाया। चोरों ने सबसे पहले दरबार हॉल के मुख्य ताले तोड़े और भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद बेखौफ चोरों ने दरबार साहिब के भीतर सुशोभित गोलक का ताला तोड़ डाला और उसमें संगत द्वारा श्रद्धा से अर्पित की गई करीब 50,000 रुपये की राशि चोरी करके फरार हो गए।

घटना का पता अगली सुबह चला जब ग्रंथी सिंह दरबार साहिब में पहुंचे तो वहां के हालात देखकर दंग रह गए। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा गुरुद्वारा साहिब के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News