लुधियाना के सिविल लाइंस इलाके में मोबाइल टावर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के उपकरण पर किया हाथ साफ
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 12:34 PM (IST)
लुधियाना (राज): सिविल लाइंस क्षेत्र में मोबाइल टावरों को निशाना बनाकर कीमती तकनीकी उपकरण चुराने वाले गिरोह की करतूत सामने आई है। बिंद्राबन रोड पर स्थित सतलुज टावर की छत पर लगे एयरटेल के मोबाइल टावर के बीटीएस बॉक्स के ताले काटकर अज्ञात चोर कीमती कार्ड चोरी कर ले गए। इंडस टॉवर कंपनी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता चरणजीत सिंह (इंडस टॉवर लिमिटेड कंपनी के सिक्योरिटी सुपरवाइजर) ने बताया कि उनकी कंपनी का एक मोबाइल टावर बिंद्राबन रोड, सिविल लाइंस स्थित सतलुज टावर नामक इमारत की छत पर लगा हुआ है, जिस पर एयरटेल कंपनी का नेटवर्क संचालित होता है।बीते 13 अप्रैल को शाम करीब 04:00 PM पर कंपनी के फील्ड टेक्नीशियन का फोन आया कि टावर साइट पर कोई तकनीकी खराबी आ रही है। सूचना मिलते ही जब सुपरवाइजर मौके पर टावर की जांच करने पहुंचे, तो वहां चोरी का खुलासा हुआ।
जांच के दौरान देखा गया कि टावर पर स्थापित बीटीएस (BTS) बॉक्स के ताले कटर से कटे हुए थे। जब बॉक्स खोलकर अंदर देखा गया, तो उसमें से एयरटेल/सैमसंग GUC-BBU कार्ड के 2 पीस गायब थे। शातिर चोर बड़ी सफाई से बॉक्स के ताले काटकर इन दोनों महंगे तकनीकी कार्डों को निकाल कर फरार हो गए थे। घटना के तुरंत बाद सिक्योरिटी सुपरवाइजर ने संबंधित थाना पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इमारत और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

