लुधियाना में बुजुर्ग को ऑटो गैंग ने बनाया निशाना, पहले पर्स चुराया और फिर ATM से उड़ाए पैसे

punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 02:29 PM (IST)

लुधियाना (राज): ऑटो रिक्शा में भोले-भाले यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों को सीट बदलने के बहाने उलझाकर जेब काटने वाले शातिर गिरोह की सक्रियता का एक नया मामला सामने आया है। सराफा बाजार में काम करने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग को ऑटो चालक और उसके साथियों ने सीट बदलवाने के बहाने निशाना बनाया और उनकी जेब से पर्स पार कर दिया। पर्स में ₹7,000 की नकदी, एटीएम कार्ड और जरूरी कागजात मौजूद थे। बुजुर्ग ने उम्र के तकाजे के चलते एटीएम का पिन एक पर्ची पर लिखकर पर्स में ही रखा हुआ था, जिसका फायदा उठाते हुए शातिरों ने बैंक खाते से भी ₹30,000 की रकम निकाल ली। पीड़ित की शिकायत पर थाना सलेम टाबरी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित रामपाल (70) ने पुलिस को दी आधिकारिक शिकायत में बताया कि वह सराफा बाजार में मेहनत-मजदूरी का काम करते हैं। गत 5 अक्टूबर को वह अपना काम खत्म करके घर लौटने के लिए पुरानी सब्जी मंडी में कृष्णा स्वीट शॉप के पास पहुंचे। वहां से वह एक हरे रंग के सीएनजी ऑटो में सवार हुए। शुरुआत में वह ड्राइवर के साथ आगे वाली सीट पर बैठे थे। जैसे ही ऑटो चांद सिनेमा के नजदीक पहुंचा, ड्राइवर ने अचानक उनसे कहा कि वह आगे से हटकर पीछे वाली सीट पर बैठ जाएं। बुजुर्ग उसकी बातों में आकर पीछे वाली सीट पर चले गए, जहां पहले से ही एक महिला और एक युवक बैठे हुए थे।

रामपाल के अनुसार, जब ऑटो सलेम टाबरी के पास पहुंचा, तो ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाकर कहा कि वह अब आगे नहीं जाएगा और सभी सवारियों को उतरने को कहा। हैरान करने वाली बात यह रही कि ड्राइवर ने बुजुर्ग से सफर का किराया तक नहीं मांगा और उन्हें तुरंत उतरने की जल्दी दिखाई। जैसे ही रामपाल नीचे उतरे और उन्होंने अपनी जेब में हाथ डाला, तो उनका पर्स गायब था। पर्स में ₹7,000 नकद, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी पहचान पत्र रखे हुए थे। अनहोनी का अहसास होते ही बुजुर्ग ने शोर मचाया और ऑटो के पीछे दौड़े, लेकिन ड्राइवर ने तेजी से एक्सीलेटर दबाया और ऑटो भगाकर ले गया।

पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि उम्र अधिक होने के कारण उन्हें पासवर्ड याद रखने में परेशानी होती थी, इसलिए उन्होंने अपने एटीएम कार्ड का गुप्त पिन (पासवर्ड) एक कागज की पर्ची पर लिखकर पर्स के अंदर ही रखा हुआ था। पर्स हाथ लगते ही आरोपियों ने बिना देर किए उस पिन का इस्तेमाल किया और क्रीमपुरा बाजार स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से एटीएम के जरिए ₹30,000 की नकदी निकाल ली। खाते से पैसे कटने का मैसेज मिलने पर बुजुर्ग के होश उड़ गए। वारदात के बाद पीड़ित ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने रामपाल के बयानों की जांच-पड़ताल करने के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News