Ludhiana : नगर निगम का 1145 करोड़ का सफाई प्रोजेक्ट विवादों में! कांग्रेस ने दिया घोटाला करार

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 11:49 PM (IST)

लुधियाना (रिंकू): हलका आत्म नगर से कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता व पार्षद पति हरविन्दर सिंह कलेर ने कहा कि लुधियाना नगर निगम द्वारा हाउस में महानगर की सफाई के लिए 1145 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पास करने का जो फैसला किया गया है, वह सिर्फ दिल्ली वालों को खुश करने के लिए है। पंजाब सरकार दिल्ली वाले लुटेरों की कठपुतली बनकर रह गई है, लेकिन इस प्रोजैक्ट के आने से कई सफाई कर्मचारियों और कर्मचारियों को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ सकता है। उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि यह साफ है कि जो भी बड़ी कॉर्पोरेट कंपनी इस प्रोजैक्ट को हाथ में लेगी, वह अपनी शर्तों और फायदों के हिसाब से कर्मचारियों को रखेगी, ताकि कंपनी को सबसे ज्यादा फायदा हो सके। 

कांग्रेसी नेता कलेर ने कहा कि निगम सदन में कड़े विरोध के बावजूद सरकारी नुमाइंदों के इस विरोध पर कोई असर न होने से लगता है कि अगले 20 से 25 साल तक लुधियाना नगर निगम लूट का अड्डा बना रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लुधियाना नगर निगम और पंजाब सरकार खुलेआम आम लोगों के टैक्स के पैसे को एक प्राइवेट कंपनी से दोनों हाथों से लूटने की साज़िशें रच रही है। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार के पास टैंडर के हिसाब से फंड है? क्या यह प्रोजेक्ट अगले एक साल में पूरा हो सकता है? क्या इस टेंडर में गलत तरीके से प्रॉफिट वसूली की बू नहीं आ रही है? कलेर ने कहा कि इस बारे में पूरी सच्चाई आने वाले समय पर सामने आएगी लेकिन यह प्रोजैक्ट कई कर्मचारियों के लिए खतरे की घंटी है और समय आने पर कर्मचारियों और उनके संगठनों को कोई फैसला लेना होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News