मिनी चंबल में बदल रहा है लुधियाना, खौफ के साय में जी रहे लोग

punjabkesari.in Wednesday, Oct 22, 2025 - 02:57 PM (IST)

लुधियाना (राज): पंजाब की आर्थिक राजधानी कही जाने वाला लुधियाना अब उद्योगों और प्रगति से ज्यादा गोलियों की गूंज और डर के साए के लिए जाना जा रहा है। कभी मेहनतकशों और कारोबारियों का शहर कहा जाने वाला लुधियाना आज मिनी चंबल बन चुका है, जहां हर गली-कूचे में अवैध हथियारों का साया मंडरा रहा है। महज पिछले 2 महीनों में 20 से ज्यादा जगह फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें से अधिकतर मामलों में कानून का डर नाममात्र भी नहीं दिखा। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इन वारदातों में अवैध हथियारों का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है। अब सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि अवैध हथियार कहां से आ रहे हैं? असली सवाल यह है कि क्या वाकई लुधियाना अब मिनी चंबल बन चुका है, जहां कानून सिर्फ कागज पर है और गोलियां सड़कों पर चल रही है?

दरअसल, शहर में अब हर दूसरे दिन कहीं न कहीं गोलियों की आवाज सुनाई देती है। कभी 2 गुटों के बीच झगड़ा, कभी सड़क पर वर्चस्व की लड़ाई, तो कभी शादी समारोह में दिखावा। लेकिन हर बार हाथ में वही अवैध पिस्तौलें और ट्रिगर पर बेकाबू उंगलियां। इसी बीच, शहर के कई इलाकों दरेसी, सलेम टाबरी, जमालपुर और दुगरी में लगातार फायरिंग के मामले सामने आए हैं। कई घटनाओं में लोगों की जान तक जा चुकी है लेकिन पुलिस अब तक असली अपराधियों तक नहीं पहुंच पाई। सवाल उठता है क्या लुधियाना में कानून की पकड़ ढीली पड़ चुकी है, या फिर अपराधियों की पुलिस के साथ कोई अंदरूनी मिलीभगत चल रही है?

यू.पी., एम.सी. से पंजाब में पहुंच रहे है अवैध हथियार

जानकारों का कहना है कि यह सब अवैध हथियारों के खुले कारोबार का नतीजा है। सी.आई.ए. और क्राइम ब्रांच जैसी यूनिटें होने के बावजूद, अवैध हथियारों की सप्लाई पर अंकुश नहीं लग पा रहा। पंजाब-हरियाणा की सीमाओं से लेकर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रास्तों तक से हथियारों की तस्करी लुधियाना तक पहुंच रही है और पुलिस के निचले स्तर पर ग्राऊंड एक्शन नदारद है। हालांकि, कमिश्नर स्वपन शर्मा की ओर से कई बार सुरक्षा योजनाएं और नाकाबंदियां लागू की गईं, लेकिन उनके आदेश कागजों से आगे नहीं बढ़ पाए। शहर के कई पुलिस थानों में तो हाल ये है कि जवानों को यह तक नहीं पता कि पिछले महीने कितने अवैध हथियार पकड़े गए। उच्च स्तर की योजनाएं और निचले स्तर की लापरवाही के बीच अपराधियों ने सिस्टम की हर कमजोरी को पहचान लिया है।

पुलिस बांट रही है सिफारिशी आर्म लाइसैंस

आर्म को प्रमोट करने वालों पर पर्चा देने वाली ‘आप’ सरकार के नुमाइंदे ही अपने करीबीयों को रेवड़ियों की तरह आर्म लाइसैंस बनवा कर दे रही है। इसके साथ ही कमिश्नरेट पुलिस भी विधायकों की सिफारिशों पर छोटी उर्म के युवकों को खुद सैंकेड़े की संख्या में आर्म्स लाइसैंस बांट दिए हैं, जबकि जिन्हें असल में आर्म लाइसैंस की जरूरत है, उनको कानून का पाठ पढ़ाया जाता है। उनके लिए सारे कानून है और सिफारशियों को बिना कानून के दायरे में रह कर लाइसैंस दिए जा रहे हैं।

2 महीने में हुई फायरिंग की वारदातें, कई अपराधी पकड़े, कई अभी भी फरार

30 अगस्त : मोती नगर पुलिस ने एक व्यक्ति और उसके पिता को गिरफ्तार किया, जो फोकल पॉइंट औद्योगिक क्षेत्र के फेज-6 में एक फास्टनर फैक्टरी के मालिक हैं, कथित तौर पर दूसरे फैक्ट्री मालिक को धमकाने के लिए हवा में गोलीबारी की।

26 अगस्त : एक अज्ञात एस.यू.वी. सवार ने साहिबजादा अजीत सिंह नगर में अपने घर के बाहर सड़क पर खड़ी एक कराधान वकील की कार पर गोलीबारी की।

23 अगस्त : स्थानीय युवक और इन्फ्लूएंसर कार्तिक बग्गन और उसके दोस्त को सुंदर नगर के पास आरोपियों ने गोली मार दी। कार्तिक बग्गन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त बच गया।

12 सितम्बर : पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता सिमरजीत सिंह बैंस के भतीजे के भाई ने पारिवारिक विवाद के बीच अपनी एस.यू.वी. पर गोलीबारी की।

18 सितम्बर : फौजी कॉलोनी के एक 18 वर्षीय लडक़े को पीठ में गोली लगी, हालांकि पुलिस ने इलाके में किसी भी गोलीबारी की घटना से इनकार किया था।

20 सितम्बर : थाना डेहलों के इलाके में कार सवार 5 हमलावरों ने एक वरिष्ठ आम आदमी पार्टी (आप) नेता और ट्रक यूनियन के अध्यक्ष के घर पर गोलीबारी की।

22 सितम्बर : साहनेवाल इलाके में कांग्रेसी नेता अनुज के भाई अमित पर बाइक सवार 2 बदमाशों ने अहाते के गोली चलाई। अमित की मौके पर मौत हो गई। इस केस में पुलिस के कोई सुराग तक नहीं लगा।

25 सितम्बर : एक निजी बैंक के एक क्षेत्रीय प्रबंधक फिरोज गांधी मार्कीट में अपनी शाखा के बाहर अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारे जाने से बाल-बाल बचे।

27 सितम्बर : मुंडिया इलाके में पैदल आ रहे व्यक्ति ने हवाई फायर कर एक्टिवा लूटी, मोती नगर थाना की पुलिस ग्लाडा मैदान के पास नाका लगाकर खड़ी थी जिसने आरोपी को गिरफ्तार किया।

2 अक्तूबर : मुंडिया कलां राम नगर इलाके में सैलून का काम करने वाले हिमांशु (19) को उसके पड़ोसी ने गोली मार दी थी। आरोपी ने देसी कट्टे से गोली चलाई थी। आरोपी को 2 दिन बाद पुलिस ने पकड़ लिया था।

3 अक्तूबर : फौजी कालोनी में धार्मिक समारोह दौरान पिता के सामने उसके बेटे मोनू को बदमाशों ने गोलियां मारी। मोनू की मौके पर मौत हो गई। पुलिस के पास हत्यारों का कोई सुराग नहीं।

5 अक्तूबर : दो अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने पखोवाल रोड पर लालतों गांव के पास एक पुलिस टीम पर गोलीबारी की, जिसमें पुलिस की मदद करने के लिए आगे आए एक नागरिक घायल हो गए।

6 अक्तूबर : थाना सराभा नगर की पुलिस ने मामले दर्ज किया है। ई.टी.ओ. नवदीप सिंह के घर के बाहर किसी अज्ञात व्यक्ति ने कुछ दिन पहले फायरिंग की थी। इस मामले में पुलिस के हाथ अभी खाली है।

8 अक्तूबर : थाना सदर के इलाके में फव्वारा चौक स्थित मेहंदी लगवाने को लेकर विवाद हुआ था। मेहंदी लगाने वाले ने मेहंदी लगाने से मना कर दिया था जिस कारण ये विवाद हुआ था। मेहंदी लगाने वाले युवक को छू कर गोली निकल गई थी।

11 अक्तूबर : शेरपुर इलाके में एक हिंसक झड़प गोलीबारी में बदल गई, जिसमें एक आइसक्रीम विक्रेता गोली लगने से घायल हो गया और उसका दोस्त बुरी तरह पीटा गया।

12 अक्तूबर : थाना टिब्बा के इकबाल नगर में एक धार्मिक चौकी दौरान हुक्का पी रहे युवकों की वीडियो वायरल होने के बाद गोलीबारी हुई जिसमें 3 युवक घायल हुए।

13 अक्तूबर : समराला चौक के पास एक युवक पर गैंगस्टरों ने गोली चलाई। युवक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने एक आरोपी अनमोल गबा और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों पक्ष प्रॉपर्टी के काम से जुड़े हैं।

17 अक्तूबर : बस्ती जोधेवाल इलाके में फांब्रा रोड स्थित प्रेम विहार कालोनी में पड़ोसियों के बीच हुई झड़प में गोलियां चली। इस घटना में विनोद शर्मा नाम के व्यक्ति के पेट में गोली लगी है।

19 अक्तूबर : थाना सदर के इलाके लोहारा रोड पर रिटायर फौजी नंदलाल के घर बाइक सवार बदमाशों ने 15 से 20 गोलियां चलाई है। उसके घर के बाहर गैंगस्टर कौशल चौधरी के नाम से 5 करोड़ की फिरौती की पर्ची फैंकी।

20 अक्तूबर : थाना डाबा में एक कारोबारी के घर पर फिरौती के लिए की गई अंधाधुंध फायरिंग। पुलिस अभी तक कर रही है जांच।

21 अक्तूबर : मुंडिया कलां इलाके में दोस्त की लड़ाई छुड़ाने के लिए गए युवक को मारी गोली, युवक डी.एम.सी. अस्पताल में भर्ती, थाना जमालपुर कर रही जांच।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News