Ludhiana पुलिस का एक्शन! अकाउंटेंट पर Firing करने वाले 2 बदमाश गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2026 - 05:51 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में आपराधिक गतिविधियों और लुटेरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस लुधियाना को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना जमालपुर पुलिस ने दिनदहाड़े लूट की कोशिश का विरोध करने पर एक निजी कंपनी के अकाउंटेंट को गोली मारकर घायल करने की सनसनीखेज वारदात को ट्रेस करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया बिना नंबर का काला स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक देसी पिस्तौल (.315 बोर), 2 जिंदा कारतूस और एक लोहे का दातर बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, बीती 17 नवंबर को दोपहर करीब 11:50 से 12:00 बजे के बीच रामगढ़ स्थित एक प्राइवेट कंपनी में अकाउंटेंट के तौर पर काम करने वाले प्रमोद सिंह अपनी एक्टिवा पर सवार होकर दफ्तर जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए 5 युवकों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और पैसों व मोबाइल फोन की मांग करने लगे। जब प्रमोद सिंह ने लूट का विरोध किया, तो एक आरोपी ने पिस्तौल से उन पर फायर कर दिया, जो सीधे उनकी बाईं जांघ में जा लगा। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना जमालपुर में केस दर्ज किया गया था।
पुलिस कमिश्नर लुधियाना स्वपन शर्मा (IPS) के दिशा-निर्देशों पर डीसीपी देहाती गुरसेवक सिंह (PPS), एडीसीपी जोन-4 जशनदीप सिंह गिल (PPS) और एसीपी इंडस्ट्रियल एरिया-ए इंद्रजीत सिंह (PPS) की अगुवाई में पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया। इन टीमों ने वैज्ञानिक तरीके से जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल 2 आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान सूरज सिंह उर्फ बाबू (18 वर्ष) पुत्र पप्पू सिंह निवासी गांव गोबिंदगढ़, लुधियाना और विशाल कुमार उर्फ अंडा (18 वर्ष) पुत्र हरिंदर साह मूल निवासी गांव बेहरोली, जिला सारण (बिहार), हाल निवासी आदर्श कॉलोनी, गांव गोबिंदगढ़, लुधियाना के रूप में हुई है। इस दौरान पुलिस ने इनके कब्जे से एक बिना नंबरी काले रंग का स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक देसी पिस्तौल (.315 बोर) सहित 2 जिंदा कारतूस, एक लोहे का दातर बरामद की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस वारदात में शामिल 2 अन्य फरार आरोपियों संदीप और दलीप की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

