Ludhiana में नामी कंपनी के साथ करोड़ों की ज़मीन का बड़ा धोखा, पढ़ें पूरा मामला

punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 09:37 AM (IST)

लुधियाना (राज): भू-माफिया और धोखाधड़ी करने वालों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा इस ताजा मामले से लगाया जा सकता है। यहां एक नामी कंपनी के साथ करीब 21 करोड़ रुपये का सौदा कर 3 करोड़ रुपये की मोटी रकम हड़पने और बाद में मुकर जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच के बाद आरोपी  पुनीत बेरीवाल के खिलाफ अमानत में ख्यानत और धोखाधड़ी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 यह पूरा मामला साल 2021 से जुड़ा है
जानकारी के अनुसार, मनजोत सिंह मान (केयर ऑफ मैसर्स फाइनवे एनक्लेव प्राइवेट लिमिटेड), जिनका ऑफिस जवद्दी पुल के पास स्थित है, ने पुलिस को इस धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी कंपनी के साथ ज़मीन की खरीद-फरोख्त को लेकर एक बड़ा इकरारनामा हुआ था, जिसमें आरोपी ने लाखों नहीं बल्कि करोड़ों का चूना लगाया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, यह पूरा मामला साल 2021 से जुड़ा है। 30 जून 2021 को आरोपी ने अपनी 10.83 एकड़ ज़मीन बेचने का सौदा शिकायतकर्ता की कंपनी के साथ 21 करोड़ रुपये में तय किया था। 

रजिस्ट्री का समय आया तो डोली आरोपी की नीयत
इस ज़मीन का बड़ा हिस्सा (7.47 एकड़) ग्रुप हाउसिंग के लिए और बाकी (3.36 एकड़) कमर्शियल प्रोजेक्ट के लिए अप्रूव्ड था। यह प्राइम लैंड गांव बनोहड़ और गांव दाखा के अंतर्गत आती है। सौदा तय होने के समय आरोपी ने 'बयाने' के तौर पर कंपनी से 3 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि हासिल कर ली। तय शर्त के मुताबिक, पैसे लेने के बाद आरोपी को ज़मीन की रजिस्ट्री कंपनी के नाम करवानी थी। लेकिन जैसे ही रजिस्ट्री का समय आया, आरोपी की नीयत डोल गई। उसने न तो ज़मीन की रजिस्ट्री करवाई और न ही कंपनी के पैसे वापस किए। बार-बार संपर्क करने के बावजूद आरोपी टाल-मटोल करता रहा, जिसके बाद कंपनी ने कानून का दरवाजा खटखटाया। पुलिस की लंबी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News