Ludhiana में करोड़ों के शेयर हड़प कर ''रफूचक्कर'' हुए जालसाज, लगाया 1.88 करोड़ का चूना

punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 11:21 AM (IST)

लुधियाना (राज): शहर में जालसाजों ने ठगी का एक नया जाल बुनते हुए एक निवेशक के साथ पौने 2 करोड़ रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। आरोपियों ने पहले तो पीड़ित को शेयर खरीदने के नाम पर निवेश करवाया और बाद में उन शेयरों को अपनी कंपनी में ट्रांसफर करवा कर सुरक्षा के नाम पर फर्जी कागजात थमा दिए। थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने लंबी पड़ताल के बाद अमानत में ख्यानत और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

कंपनी 'टाइपैन' के डायरेक्टर के नाम पर खरीदे थे शेयर 
शिकायतकर्ता देविंदर सिंह बेदी ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि साल 2018 में उन्होंने आरोपियों के झांसे में आकर एक बड़ी निवेश योजना में हिस्सा लिया था। उन्होंने आरोपियों से 5,52,547 शेयर खरीदे थे, जिसके बदले में 1 करोड़ 28 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि का भुगतान किया गया था। ठगी का यह जाल सिर्फ देविंदर सिंह तक ही सीमित नहीं था। उनकी कंपनी 'टाइपैन' के डायरेक्टर प्रशांत सोनी के नाम पर भी 2,60,000 शेयर खरीदे गए थे। इसके लिए भी 60 लाख रुपए नकद अदा किए गए थे। यानी कुल मिलाकर करीब 1 करोड़ 88 लाख रुपये का निवेश किया गया था। शिकायत के अनुसार, जनवरी 2019 में आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत शिकायतकर्ता को अपने विश्वास में लिया। उन्होंने दबाव बनाया कि ये सारे शेयर उनकी कंपनी 'मैसर्स ओरिएंट ट्रेड लिंक लिमिटेड' में खरीद लिए जाएं। 

करोड़ों के शेयर हड़प लिए और अमानत में ख्यानत की
विश्वास दिलाने के लिए आरोपियों ने सिक्योरिटी के तौर पर किसी दूसरी फर्म के चेक और रजिस्ट्री दे दी। जब भुगतान का समय आया, तो आरोपियों की नीयत साफ नजर आने लगी।  उन्होंने न तो शिकायतकर्ता के पैसे वापस किए और न ही जो चेक और रजिस्ट्री सिक्योरिटी के तौर पर दिए थे, वे किसी काम आए। आरोपियों ने धोखाधड़ी करते हुए शिकायतकर्ता के करोड़ों के शेयर हड़प लिए और अमानत में ख्यानत की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आर्थिक अपराध शाखा द्वारा की गई गहन जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब कंपनी के दस्तावेजों और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है ताकि इस करोड़ों के घोटाले की तह तक पहुँचा जा सके। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News