Ludhiana के व्यापारी से लाखों की ठगी, माल हड़प कर भुगतान से मुकरा शातिर जालसाज
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 10:16 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में व्यापारिक लेन-देन के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोहों का जाल फैलता जा रहा है। ताजा मामले में एक शातिर व्यक्ति द्वारा व्यापारी से करीब 28 लाख रुपए का माल लेकर उसकी अदायगी न करने और धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने शिकायत के आधार पर गहन जांच के बाद आरोपी हरीश कनोदिया और रजनीश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी ने पैसे देने से किया साफ इनकार
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता करतार चंद ने बताया आरोपी ने पीड़ित को अपने विश्वास में लिया था। आरोपी ने 22 नवंबर 2021 से लेकर 24 मई 2022 के बीच अलग-अलग बिलों के जरिए कुल 27,94,073 रुपए का माल हासिल किया। जब पीड़ित व्यापारी ने दिए गए माल की रकम मांगी, तो आरोपी टाल-मटोल करने लगा। लंबे समय तक अदायगी न करने और बार-बार चक्कर लगवाने के बाद आरोपी ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया।
धोखाधड़ी के जरिए बड़ी रकम की हेराफेरी की
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने सोची-समझी साजिश के तहत उसका कीमती माल हड़प लिया और उसे आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने जाली वादों और धोखाधड़ी के जरिए इस बड़ी रकम की हेराफेरी की है। पुलिस ने शिकायत की पड़ताल के बाद आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

