विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी: 3 युवकों को झांसे में लेकर हड़पे पैसे, न भेजा बाहर और न लौटाए रुपए
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 09:11 AM (IST)
लुधियाना (राज): विदेश जाकर सुनहरे भविष्य का सपना देखने वाले युवकों को चूना लगाने वाले कबूतरबाजों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। ताजा मामले में एक शातिर ठग ने तीन अलग-अलग युवकों को विदेश भेजने का झांसा देकर उनसे लाखों रुपए ठग लिए। पुलिस ने जांच के बाद अब इस मामले में थाना डाबा की पुलिस ने आरोपी कुलबीर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
यह मामला अजय कुमार की ओर से दी गई शिकायत की लंबी पड़ताल के बाद दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अजय कुमार को विदेश भेजने का लालच देकर उससे 1,45,000/- रुपए की राशि ऐंठ ली। ठग ने केवल अजय को ही नहीं, बल्कि उसके साथ दो अन्य युवकों को भी अपना शिकार बनाया। आरोपी ने सुखविंदर सिंह से 1,24,500/- रुपए और नूर मोहम्मद से 1,22,500/- रुपए की मोटी रकम हासिल की।
तीनों युवकों से कुल मिलाकर लाखों रुपए लेने के बावजूद आरोपी ने न तो उन्हें विदेश भेजा और न ही उनके पैसे वापस किए। बार-बार चक्कर काटने के बाद जब युवकों को अहसास हुआ कि वे धोखाधड़ी का शिकार हो चुके हैं, तो उन्होंने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

