गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर कार कारोबारी से मांगी 1 करोड़ की फिरौती, विदेशी नंबर से आई कॉल
punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 09:47 AM (IST)
लुधियाना(राज): महानगर में कारोबारियों को गैंगस्टरों के नाम पर धमकाकर फिरौती मांगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में मॉडल टाउन इलाके के एक नामी कार डीलर को विदेशी नंबर से कॉल कर गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर मौत का डर दिखाया गया है। शातिर अपराधियों ने कारोबारी से एक करोड़ रुपए की भारी-भरकम फिरौती की मांग की है। थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने कारोबारी प्रभमोहन सिंह की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की कमान संभाल ली है।
कारोबारी को धमकाते हुए एक करोड़ रुपए की मांगी रंगदारी
पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता प्रभमोहन सिंह ने बताया कि वह मॉडल टाउन में कारों की खरीद-फरोख्त (सेल-पर्चेस) का काम करते हैं। बीती 1 मई की रात करीब 8 बजे उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई, जिसे उन्होंने अनजान समझकर नहीं उठाया। इसके कुछ ही देर बाद सवा 8 बजे उसी नंबर से एक ऑडियो मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम 'बंटी' बताते हुए दावा किया कि वह कुख्यात रोहित गोदारा गैंग का सदस्य है। आरोपी ने सीधे तौर पर कारोबारी को धमकाते हुए एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। खौफजदा करने का सिलसिला यहीं नहीं रुका।
आरोपी की पहचान करने में जुटी पुलिस
अगले दिन 2 मई को शाम करीब 4 बजे उसी विदेशी नंबर से फिर से तीन बार कॉल की गई। अनहोनी के डर से कारोबारी ने फोन रिसीव नहीं किया और तुरंत उस नंबर को ब्लॉक कर दिया। इसके बाद उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी। मॉडल टाउन पुलिस का कहना है कि जिस नंबर से कॉल और मैसेज आए हैं, उसकी ट्रेसिंग की जा रही है। पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान करने में जुटी है ताकि जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

