Ludhiana में कार कारोबारी से 1 करोड़ की फिरौती की मांग, दी जान से मारने की दी धमकी

punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 09:21 AM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब सरेआम व्यापारियों को निशाना बनाया जा रहा है। ताजा मामला गिल रोड स्थित ननकाना स्कूल के पास का है, जहाँ एक कार डीलर से विदेशी नंबर के जरिए एक करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती मांगी गई है। फिरौती न देने पर कारोबारी को जान से मारने की धमकी दी गई है, जिससे पूरे इलाके के व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है। इस मामले में थाना शिमलापुरी की पुलिस ने राकेश कुमार के बयानों पर अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया है 

पैसे नहीं दिए तो  जान से धोना पड़ेगा हाथ 
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित कारोबारी का गिल रोड पर 'कमल ऑटो डील्स' के नाम से कारों की खरीद-फरोख्त का बड़ा कारोबार है। पुलिस को दी शिकायत में राकेश कुमार ने बताया कि 18 अप्रैल  को उसके मोबाइल नंबर पर एक विदेशी नंबर (+351927361380) से कॉल आई। जैसे ही उसने फोन उठाया, दूसरी तरफ से बोल रहे व्यक्ति ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। आरोपी ने सीधे तौर पर एक करोड़ रुपये की मांग की और कहा कि अगर पैसे नहीं दिए तो उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ेगा। इस कॉल के बाद से पीड़ित का परिवार गहरे खौफ में है। 

आरोपी को जल्द ही किया जाएगा बेनकाब 
कारोबारी ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से उस विदेशी नंबर को ट्रेस किया जा रहा है ताकि धमकी देने वाले का सुराग लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News