Punjab : 22 लाख की मांग और गैंगस्टर धमकियों से तंग आकर ढाडी जत्थे के सदस्य ने की आत्महत्या
punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 07:22 PM (IST)
पायल (विनायक): थाना पायल के अधीन आते गांव मकसूदड़ा में पिछले दिनों हुई एक दिल दहला देने वाली घटना में ढाडी जत्थे से जुड़े लेखक हरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत संदल (उम्र करीब 45 वर्ष) ने कथित तौर पर लड़की के ससुराल पक्ष की 22 लाख रुपये की मांग पूरी न कर पाने के कारण, लगातार गैंगस्टर धमकियों, आर्थिक दबाव और पारिवारिक तनाव से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मौके से पुलिस को मिले 2 पन्नों के सुसाइड नोट ने इस मामले को और भी गंभीर व संवेदनशील बना दिया है।
परिवारिक सदस्यों के अनुसार हरप्रीत सिंह 29 अप्रैल की सुबह करीब 6:30 बजे घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। बाद में शाम के समय गांव के बाहरी इलाके में एक धार्मिक स्थल के पास उनका शव मिला। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार उन्होंने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या की। बताया गया है कि यह वही स्थान था, जहां से उन्होंने अपने कला जीवन की शुरुआत की थी, जिससे यह घटना और भी भावुक बन गई है।
मृतक की पत्नी कुलविंदर कौर द्वारा पुलिस को दिए गए बयानों के अनुसार उनकी बेटी अनमोलप्रीत कौर की 3 अप्रैल 2023 को जसकरण सिंह निवासी गांव जथेबाल (जिला अमृतसर) के साथ कथित “कॉन्ट्रैक्ट मैरिज” करवाई गई थी, जिसका उद्देश्य उसे कनाडा भेजना था। लड़के के परिवार द्वारा करीब 22 लाख रुपये खर्च कर लड़की को विदेश भेजा गया और अगस्त 2023 में वह कनाडा चली गई। लेकिन बाद में जसकरण सिंह का वीजा न लगने के कारण उसके परिवार द्वारा खर्च की गई रकम वापस मांगनी शुरू कर दी गई। आरोप है कि यह मामला धीरे-धीरे धमकियों में बदल गया। परिवार के अनुसार पिछले करीब 15 दिनों से आरोपी पक्ष द्वारा गैंगस्टरों के जरिए मृतक को डराया-धमकाया जा रहा था। मृतक को बीजा के पास बुलाकर हथियारबंद व्यक्तियों द्वारा अल्टीमेटम दिया गया कि “दो दिन के भीतर पैसों का हिसाब कर दे, नहीं तो तुझे और तेरी बेटी को खत्म कर दिया जाएगा।” इसके अलावा आरोपियों द्वारा मृतक के घर आकर परिवार को भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं।
पुलिस को मिले 2 पन्नों के सुसाइड नोट में हरप्रीत सिंह ने लिखा कि वह जसकरण सिंह और उसके फूफा सतकार सिंह से तंग आकर यह कदम उठा रहा है। उन्होंने लिखा कि उनकी बेटी ने कनाडा से दो बार जसकरण सिंह के लिए पेपर भेजे, लेकिन वीजा नहीं लगा। इस दौरान आरोपियों ने कनाडा में किसी अन्य लड़की से विवाह की बात कर धमकियां देना शुरू कर दिया। सुसाइड नोट में यह भी उल्लेख है कि 22 लाख रुपये उनके खातों में जमा करवाकर खुद ही निकलवा लिए गए और चेक बुक भी अपने पास रख ली गई। लगातार धमकियों के कारण उनकी बेटी ने कॉलेज जाना तक छोड़ दिया। उन्होंने लिखा कि वह अपनी बेटी का नुकसान नहीं देख सकता, इसलिए आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो गया है और अपनी मौत के लिए जसकरण सिंह व सतकार सिंह को जिम्मेदार ठहराया।
मृतक अपने पीछे तीन बेटियां छोड़ गया है। बड़ी बेटी विदेश में सेटल है, दूसरी कनाडा में रह रही है और सबसे छोटी बेटी कानून की पढ़ाई कर रही है। घटना के बाद गांव और इलाके में गहरा शोक व्याप्त है।
पायल पुलिस द्वारा मृतक की पत्नी कुलविंदर कौर के बयानों और सुसाइड नोट के आधार पर जसकरण सिंह पुत्र हरपाल सिंह निवासी गांव जब्बोवाल (अमृतसर), उसके फूफा सतकार सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी गांव नया चंदनके (अमृतसर) तथा ट्रैवल एजेंट कंवलजीत सिंह निवासी अमृतसर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

