पंजाब में अगले 3 घंटे भारी! कई जिलों में आंधी-तूफान व बिजली गिरने की चेतावनी

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 10:44 PM (IST)

जालंधर : पंजाब में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पंजाब राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) की ओर से जारी ताजा अलर्ट के अनुसार अगले 3 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में तेज गरज-चमक, आंधी, बिजली गिरने और तेज सतही हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।

जिन जिलों के लिए यह चेतावनी जारी की गई है उनमें अमृतसर, फरीदकोट, फिरोजपुर, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, मोगा, पठानकोट और तरनतारन शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में अचानक मौसम खराब हो सकता है, जिससे तेज धूलभरी हवाएं, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बन सकती है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचें। खेतों में काम कर रहे किसानों को भी तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि बिजली गिरने की घटनाएं जानलेवा साबित हो सकती हैं।
पंजाब SDMA ने किसी भी आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करने की अपील की है। वहीं जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News