लुधियाना: महिला जज की सरकारी कोठी में घुसा शातिर चोर, गनमैन ने देखा तो दीवार फांदकर भागा

punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 09:27 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ घूम रहे चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे न्यायिक अधिकारियों (जजों) की सरकारी कोठियों को भी निशाना बनाने से नहीं हिचक रहे हैं। लुधियाना की ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (JMIC)  की सरकारी रिहायश में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी रिहायश के अंदर से पुरानी पानी की टूटियां और लोहे का सामान चोरी कर रहा था, जिसे मुस्तैद गनमैन ने मौके पर देख लिया। हालांकि आरोपी दीवार फांदकर भाग निकला, लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा और उसके कब्जे से चोरी का सामान व औजार बरामद कर लिए हैं। मामले के संबंध में पुलिस को दिए बयानों में एएसआई सरबजीत सिंह ने बताया कि वह लुधियाना की माननीय जेएमआईसी (JMIC) जज मिस नवनीत कौर के साथ बतौर सरकारी सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।10 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे जब वह अपनी ड्यूटी के सिलसिले में जज साहिबा की सरकारी रिहायश पर पहुंचे, तो उन्होंने अंदर एक संदिग्ध युवक को हलचल करते देखा। ध्यान से देखने पर पता चला कि उक्त अज्ञात चोर कोठी के अंदर रखी पुरानी पानी की टूटियां और लोहे का अन्य कीमती सामान समेटकर चोरी करने में जुटा हुआ था।

एएसआई सरबजीत सिंह ने जैसे ही उसे पकड़ने के लिए ललकारा, शातिर चोर सुरक्षाकर्मी को सामने देख घबरा गया और तुरंत कोठी की चारदीवारी फांदकर बाहर सड़क की तरफ भाग निकला। गनमैन ने उसका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वह गलियों का फायदा उठाकर ओझल हो गया। घटना की तुरंत सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और स्थानीय थाने को दी गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सुरक्षाकर्मी के बयानों के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ सरकारी आवास में घुसपैठ व चोरी का केस दर्ज किया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी और मुखबिरों की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया। तफ्तीश के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान लखन के रूप में हुई है।तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी लखन के कब्जे से एक पंखा और ताले व लोहे के सामान तोड़ने में इस्तेमाल की जाने वाली एक छैनी बरामद की है। पुलिस अब आरोपी से रिमांड के दौरान पूछताछ कर रही है कि उसने कोठी से चुराई गई टूटियां व अन्य सामान कहां छिपाया है या किसी कबाड़ी को बेच दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News