शादी कर कनाडा भागी लुटेरी दुल्हन, फिर पति को किया Block! 7 साल बाद भारत लौटी महिला Airport पर गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 09:23 AM (IST)
लुधियाना (राज): 'कंट्रैक्ट मैरिज' के नाम पर पति और ससुराल वालों से करीब ₹50 लाख ऐंठ कर कनाडा फरार होने वाली एक शातिर दुल्हन को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 7 साल तक विदेश में छिपकर रहने के बाद जैसे ही आरोपी महिला अपना पासपोर्ट रिन्यू करवाने भारत लौटी, दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही सुरक्षा बलों ने उसे दबोच लिया। थाना सदर रायकोट की पुलिस दिल्ली पहुंचकर आरोपी पत्नी को लुधियाना ले आई, जहां अदालत ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

शादी के बदले कनाडा ले जाने का किया था इकरारनामा
रायकोट के गांव बोपाराए खुर्द निवासी हरप्रीत सिंह रोजगार के सिलसिले में दुबई में था। 2019 में संगरूर के गांव दुग्गा निवासी परमजीत सिंह ने अपनी बेटी जसप्रीत कौर (जिसके IELTS में 6 बैंड थे) का रिश्ता हरप्रीत से तय करवाया। सहमति यह बनी थी कि हरप्रीत का परिवार जसप्रीत को अपने खर्चे पर स्टडी वीजा पर कनाडा भेजेगा और वहां पहुंचकर जसप्रीत स्पाउसर वीजा पर पति को बुला लेगी। इसके लिए रायकोट कचहरी में 500 रुपये के स्टांप पेपर पर लिखित इकरारनामा भी किया गया।
जमीन बेचकर लुटाए 50 लाख, कनाडा पहुंचते ही फेरा मुंह
हरप्रीत के परिवार ने अपनी जमीन बेचकर कॉलेज फीस, वीजा, शादी, गहने और विदेशी मुद्रा पर करीब ₹50,61,000 खर्च किए। 1 सितंबर 2019 को दोनों की शादी हुई और 30 नवंबर 2019 को जसप्रीत कनाडा रवाना हो गई। कनाडा पहुंचते ही उसने कॉलेज बदलने के नाम पर और पैसे मंगवाए। वादे के मुताबिक जब हरप्रीत ने मैरिज रजिस्ट्रेशन के लिए उसकी भारत आने की टिकट करवाई, तो उसने आने से साफ मना कर दिया। बाद में जसप्रीत ने पति का फोन नंबर ब्लॉक कर दिया और ससुराल वालों ने भी हाथ खड़े कर दिए।
LOC के चलते एयरपोर्ट पर दबोची गई, 2 दिन के रिमांड पर
पीड़ित हरप्रीत सिंह की शिकायत पर थाना सदर रायकोट पुलिस ने 2020 में जसप्रीत कौर, उसके माता-पिता और बिचौलियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी करवा रखा था। 7 साल बाद पासपोर्ट एक्सपायर होने पर जब जसप्रीत दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरी, तो सुरक्षा एजेंसियों ने उसे हिरासत में लेकर पंजाब पुलिस को सूचित कर दिया। रायकोट पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से 2 दिन का रिमांड हासिल कर गहन पूछताछ शुरू कर दी गई है।

