लुधियाना में लुटेरा गिरोह का आतंक, दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यक्ति को बदमाशों ने घेर दिया वारदात को अंजाम

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 11:04 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में रात के समय राहगीरों और दुकानदारों को निशाना बनाने वाले झपटमारों और लुटेरा गिरोहों के हौसले लगातार बुलंद हैं। ताजा मामले में पुरानी माधोपुरी पुली के पास 5 अज्ञात बदमाशों ने रात के समय अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे एक व्यक्ति को घेरकर लूटपाट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। लुटेरे पीड़ित से सोने की अंगूठियां, नकदी, चांदी का सिक्का, दो मोबाइल फोन और जरूरी सरकारी व पेशेवर दस्तावेज लूटकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित के बयानों के आधार पर संबंधित थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में शिकायतकर्ता गगनदीप जैन ने बताया कि दी रात करीब 10:15 बजे वह अपनी दुकान बंद करके रोजाना की तरह घर जा रहा था। जैसे ही वह पुरानी माधोपुरी पुली के पास पहुंचा, तभी अचानक 5 अज्ञात व्यक्तियों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसे चारों तरफ से घेर लिया। आरोपियों ने डरा-धमकाकर पीड़ित पर काबू पा लिया और उसके साथ छीना-झपटी शुरू कर दी। लुटेरों ने उसके हाथ में पहनी हुई सोने की दो अंगूठियां उतरवा लीं। इसके अलावा, आरोपी उसका बैग और दो पर्स भी छीन ले गए, जिनमें करीब 25,000 रुपये की नकदी, एक चांदी का सिक्का, जरूरी ड्राइविंग लाइसेंस, डॉक्टरी प्रैक्टिस से संबंधित पेशेवर लाइसेंस (डॉक्टरी लाइसेंस) और 2 एटीएम (ATM) कार्ड मौजूद थे। 

बदमाश पीड़ित के 2 मोबाइल फोन भी छीनकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से रफूचक्कर हो गए। वारदात के बाद पीड़ित ने तुरंत पुलिस को इस संबंध में लिखित शिकायत दी।।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुद्दई के बयानों पर 5 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूटपाट और छीना-झपटी की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की जांच टीमें पुरानी माधोपुरी पुली और आसपास के तमाम रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही हैं, ताकि आरोपियों के भागने के रूट और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके। साथ ही छीने गए मोबाइल फोनों को सर्विलांस पर लगा दिया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लूटी गई संपत्ति बरामद कर ली जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News