शादी का झांसा देकर युवती का शोषण, मुकरने पर साथियों संग मिल ढाया कहर

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 10:51 AM (IST)

लुधियाना (राज): शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करने और बाद में वादे से मुकरते हुए बेरहमी से मारपीट करने का एक संगीन मामला सामने आया है। पीड़िता द्वारा पड़ोसी राज्य हरियाणा के जिला फतेहाबाद अंतर्गत थाना टोहाना में दर्ज करवाई गई जीरो एफआईआर आधिकारिक रूप से लुधियाना पुलिस को ट्रांसफर कर दी गई है। घटना स्थल महानगर के फुल्लांवाल इलाके से संबंधित होने के कारण स्थानीय थाना पुलिस ने आरोपी हरगोबिंद सिंह और उसके अन्य साथियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसते हुए आपराधिक मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को प्राप्त आधिकारिक दस्तावेजों के अनुसार, पीड़िता ने अपने साथ हुई दरिंदगी और धोखे की शिकायत हरियाणा के थाना टोहाना में दर्ज करवाई थी। चूंकि अपराध का मुख्य घटनास्थल लुधियाना कमिश्नरेट के अंतर्गत आता था, इसलिए टोहाना पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत 23 सितंबर को जीरो एफआईआर दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए इसे लुधियाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। लुधियाना पुलिस ने उक्त मिसल प्राप्त होने के तुरंत बाद संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, युवती की आरोपी हरगोबिंद सिंह के साथ दोस्ती हुई थी। इसके बाद आरोपी फुल्लांवाल स्थित प्रसिद्ध कीज होटल के नजदीक एक किराए के मकान में युवती के साथ रहने लगा। इस दौरान आरोपी ने लगातार पीड़िता को विश्वास में लिया और उससे जल्द शादी करने का पक्का वादा किया। शादी का झांसा देकर आरोपी लंबे समय तक उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा और उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पीड़िता के अनुसार, जब उसने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया और अपने रिश्ते को सामाजिक मान्यता देने की बात कही, तो आरोपी हरगोबिंद सिंह की नीयत पूरी तरह बदल गई। उसने शादी करवाने से साफ इनकार कर दिया और मुकर गया। 

जब पीड़िता ने इस धोखे और विश्वासघात का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी हरगोबिंद सिंह और उसके अन्य साथियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और उसे बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां भी दीं, जिसके बाद पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर हरियाणा पहुंची और पुलिस में मामला दर्ज करवाया। लुधियाना पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जीरो एफआईआर प्राप्त होने के बाद मामले में रेप मारपीट और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News