Ludhiana: नशे की हालत में घरों के दरवाजे खटखटाती मिली युवती, चौंकाने वाला वीडियो वायरल

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 04:20 PM (IST)

लुधियाना (राज): नशे के मकड़जाल का असर अब पुरुषों तक सीमित न रहकर युवतियों और महिलाओं को भी अपनी जद में लेता नजर आ रहा है। ताजा सनसनीखेज मामला थाना डिवीजन नंबर-7 की संजय गांधी कॉलोनी से सामने आया है, जहां भारी नशे की हालत में धुत एक युवती का घरों के दरवाजे खटखटाने और डोर बेल बजाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों में गहरी चिंता फैल गई है। यह वीडियो शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के स्थानीय पार्षद चतरवीर सिंह द्वारा अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया गया है, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन के नशा विरोधी दावों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

खड़ी भी नहीं हो पा रही थी युवती, नाम-पता पूछने पर साधी चुप्पी:

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में सफेद शर्ट पहने एक युवती बुरी तरह नशे में लड़खड़ाती दिखाई दे रही है। उसकी शारीरिक स्थिति इतनी बदतर थी कि वह अपने पैरों पर ठीक से खड़ी तक नहीं हो पा रही थी और बार-बार आसपास के घरों के मुख्य गेट और डोर बेल बजा रही थी। जब स्थानीय पार्षद चतरवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर युवती से उसका नाम, घर का पता और परिजनों के बारे में पूछताछ करने की कोशिश की, तो वह नशे के सुरूर में एक शब्द भी स्पष्ट रूप से नहीं बोल सकी। उसकी बातचीत और लड़खड़ाते कदमों से साफ जाहिर हो रहा था कि उसने किसी जानलेवा सिंथेटिक या भारी नशे का सेवन कर रखा था। मोहल्ले के लोग भी एक युवती को इस बेसुध हालत में देखकर हैरान और स्तब्ध रह गए।

पार्षद ने प्रशासन को घेरा, वार्ड में खुलेआम बिक रहा है मौत का सामान:

शिरोमणि अकाली दल के पार्षद चतरवीर सिंह ने इस वीडियो को सार्वजनिक करते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन की ढुलमुल कार्यप्रणाली पर कड़े प्रहार किए। पार्षद ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड और संजय गांधी कॉलोनी में नशा तस्करी की जड़ें काफी गहरी हो चुकी हैं। कुछ असामाजिक तत्व और तस्कर बिना किसी पुलिसिया खौफ के इलाके में धड़ल्ले से नशा बेच रहे हैं, जिसके कारण अब युवा और युवतियां इसकी चपेट में आकर अपनी जिंदगी बर्बाद कर रहे हैं।

पहले भी नशा बेचती महिला को पकडक़र पुलिस को सौंपा था:

पार्षद चतरवीर सिंह ने खुलासा किया कि इलाके में नशे की रोकथाम के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले भी उन्होंने खुद हिम्मत दिखाकर संजय गांधी कॉलोनी में एक महिला को सरेआम नशा बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। उस समय भी उन्होंने उक्त महिला को पुलिस के हवाले किया था और उस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। पार्षद का आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस द्वारा इलाके में नशा तस्करों के खिलाफ कोई ठोस या स्थायी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते आज नौबत यहां तक आ पहुंची है कि लड़कियां भी इस घातक नशे का शिकार होकर गलियों में बेसुध घूम रही हैं।

जांच के बाद ही साफ होगी स्थिति पुलिस:

दूसरी तरफ, सोशल मीडिया पर युवती का वीडियो तेजी से वायरल होने के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक युवती की पहचान या उसके नशा करने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। संबंधित पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो उनके संज्ञान में आया है। पुलिस मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पड़ताल के बाद और युवती की पहचान ट्रेस होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगी कि युवती कौन थी और वह किस परिस्थिति में वहां तक पहुंची थी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News