लुधियाना में हथियारबंद लुटेरों का आतंक! एक्टिवा सवार को दात दिखाकर सोने की चेन झपटी
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 09:17 AM (IST)
लुधियाना, (राज): महानगर में हथियारबंद झपटमारों के हौसले बुलंद हैं। गोयल अस्पताल के नजदीक एक्टिवा सवार एक युवक को लोहे का तेजधार दात दिखाकर रास्ते में रोक लिया गया और उसके गले से सोने की चेन झपटकर दो अज्ञात लुटेरे फरार हो गए।
स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात नौजवान
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता गुरदित्त सिंह ने बताया कि बीते 21 अगस्त 2026 को वह अपनी एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर किसी काम के सिलसिले में जा रहा था। जैसे ही वह गोयल अस्पताल के नजदीक पहुंचा, तभी पीछे से काले रंग की बिना नंबरी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अज्ञात नौजवान आए और उसकी एक्टिवा के आगे अपनी बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। बाइक रुकते ही आरोपियों ने अपने पास से लोहे का तेजधार हथियार निकाला और उस पर तान दिया। हमले का डर दिखाकर और जान से मारने की धमकी देकर आरोपियों ने गुरदित्त सिंह के गले में पहनी हुई सोने की चेन झपट ली।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शातिर लुटेरे अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ित ने तुरंत शोर मचाया और मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित गुरदित्त सिंह के बयानों के आधार पर अज्ञात बाइक सवार लुटेरों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। गोयल अस्पताल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बिना नंबर वाली बाइक के रूट और संदिग्धों के हुलिए की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

