लुधियाना में फैक्ट्री से लौट रहे युवक को बनाया निशाना, कृपाण दिखाकर बाइक लूटी

punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2026 - 08:57 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के राहों रोड क्षेत्र में रात के समय फैक्ट्री से छुट्टी कर घर लौट रहे मेहनतकश लोग लुटेरों के निशाने पर हैं। ताजा मामले में राहों रोड से गांव रोंता रोड की तरफ जा रहे एक युवक को तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने घेर लिया और कृपाण दिखाकर (तेजधार हथियार की नोक पर) उसकी मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद से इलाके के फैक्ट्री मजदूरों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फैक्ट्री से घर लौट रहा था पीड़ित, पीछे से बाइक पर आए तीन अज्ञात युवक
पुलिस को दिए गए बयानों में शिकायतकर्ता राम शिंगार ने बताया कि बीती 13 नवंबर को रात करीब 8:40 बजे वह अपनी फैक्ट्री से छुट्टी करने के बाद अपनी काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर जा रहा था। जब पीड़ित राहों रोड से मुड़कर गांव रोंता रोड पर पहुंचा, तो पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन अज्ञात नौजवान वहां आ धमके।

पीड़ित राम शिंगार के अनुसार, तीनों बदमाशों ने अपनी बाइक आगे लगाकर उसे रास्ते में घेर लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, आरोपियों ने कृपाण (तेजधार हथियार) निकालकर उसे डराया-धमकाया और उसकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने किसी तरह पुलिस को सूचित किया। संबंधित थाना पुलिस ने मौके का मुआयना कर पीड़ित राम शिंगार के बयानों के आधार पर तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ हथियार के बल पर लूटपाट करने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राहों रोड और गांव रोंता रोड को जोड़ने वाले मुख्य मार्गों पर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाकर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News