लुधियाना में चोरों का नया पैंतरा, पूरा मामला कर देगा दंग
punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 05:41 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर की गुलचमन गली में शातिर चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए अपनाया गया एक बेहद हैरान करने वाला और खौफनाक तरीका सामने आया है। शातिर बदमाशों ने इलाके में ऐसी दहशत फैलाई है कि हर कोई दंग रह गया है। दो नकाबपोश बदमाशों ने ई-रिक्शा से बैटरियां चुराने से पहले पूरी गली के घरों के मुख्य दरवाजों को बाहर से रस्सियों से बांध दिया ताकि यदि कोई जाग भी जाए, तो बाहर न आ सके और वे आराम से वारदात को अंजाम दे सकें। यह पूरी सनसनीखेज वारदात गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी देते हुए इलाका निवासी मयंक कपूर ने बताया कि उनके कारीगर का ई-रिक्शा रोज की तरह घर के पास ही खड़ा था। सुबह जब कारीगर काम पर जाने के लिए रिक्शा लेने पहुंचा, तो उसके होश उड़ गए। ई-रिक्शा का बैटरी बॉक्स बुरी तरह टूटा हुआ था और पूरा रिक्शा खुला पड़ा था। जब गहराई से जांच की गई, तो पता चला कि चोर रिक्शे में से करीब चार कीमती बैटरियां निकालकर फरार हो चुके थे। चोरी का पता चलते ही जब गली में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें दो संदिग्ध युवक कैद दिखाई दिए, जिन्होंने अपने चेहरे ढांप रखे थे। फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी पर सवार था, जबकि उसका दूसरा साथी पैदल ही गली के लगभग सभी घरों के बाहर रस्सियां बांधता जा रहा था। पीड़ित परिवार के विक्रम कपूर ने बताया कि हाल ही में उनके पिता का निधन हुआ है, जिसके कारण उनका ई-रिक्शा भी देर रात मोहल्ले में ही खड़ा रहता है।

बदमाशों ने उनके रिक्शे की भी तलाशी ली। बदमाशों ने दरवाजे इसलिए बांधे थे ताकि कोई चाहकर भी उनका पीछा न कर सके। सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद मोहल्ले के लोग बुरी तरह सहम गए हैं। लोगों का कहना है कि फुटेज में साफ दिख रहा है कि बदमाशों के पास तेजधार हथियार थे और उनके कंधे पर दुनाली जैसी बंदूक भी लटकी हुई थी। रात करीब पौने तीन बजे बिना नंबर की स्कूटी पर आए इन हथियारों से लैस बदमाशों ने पुलिस प्रशासन की नाक के नीचे इस अनोखी और डरावनी वारदात को अंजाम दिया। परेशान मोहल्ला वासियों ने थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस से गुहार लगाई है कि इलाके में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, इसलिए रात के समय पुलिस गश्त को तुरंत बढ़ाया जाए। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और बिना नंबर की स्कूटी व नकाबपोश लुटेरों की धरपकड़ के लिए तफ्तीश शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

