लुधियाना में चोरों का आतंक: मेडिकल स्टोर समेत 3 दुकानों के ताले तोड़, उड़ाया लाखों का कैश

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 08:27 AM (IST)

लुधियाना,(राज): महानगर के 33 फुट्टा रोड, मुंडियां कलां इलाके में चोरों ने पुलिस गश्त को ठेंगा दिखाते हुए एक ही रात में तीन दुकानों को अपना निशाना बना डाला। शातिर चोरों ने बकायदा रेकी करने के बाद सब्बल, लोहे की रॉड से दुकानों के ताले तोड़े और वहां रखी लाखों रुपये की नकदी समेट कर फरार हो गए। इस वारदात के बाद इलाके के दुकानदारों में भारी दहशत और रोष का माहौल है। इस मामले में थाना जमालपुर की पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।

ताले तोड़ने के लिए चोरों के पास थी भारी-भरकम सब्बल
पुलिस को दिए बयानों में संजीव कुमार माथुर ने बताया कि मुंडियां कलां के 33 फुट्टा रोड पर उनका 'सुपर सैनी मेडिकल स्टोर' है। उनके साथ ही अशोक कुमार (निवासी न्यू जीटीबी नगर) की करियाना की दुकान और संतोख सिंह पुत्र हंसराज की स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। बीती 6 जून की रात को वे रोज की तरह अपनी-अपनी दुकानें बढ़ाकर घर गए थे। पीड़ित के मुताबिक, देर रात मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर) पर सवार होकर आए 2 अज्ञात चोर बाबा बालक नाथ वाली गली सिकंदर कॉलोनी की तरफ से बाजार में दाखिल हुए। चोरों के पास ताले तोड़ने के लिए भारी-भरकम सब्बल थी। चोरों ने बड़ी ही चालाकी से एक के बाद एक, तीनों दुकानों के ताले तोड़ दिए और शटर उठाकर अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने तीनों दुकानों के गल्लों (कैश काउंटर) को खंगाला और वहां पड़ी सारी नकदी समेट ली।

CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
संजीव कुमार माथुर के मेडिकल स्टोर से ₹9,000 की नकदी चोरी हुई। अशोक कुमार की करियाना दुकान से करीब ₹10,000 का कैश साफ किया गया। सबसे बड़ा हाथ चोरों ने संतोख सिंह की स्पेयर पार्ट्स की दुकान पर मारा, जहां से करीब ₹1,33,000 से लेकर ₹1,35,000 की भारी-भरकम रकम उड़ा ली गई। एक ही रात में तीन दुकानों में हुई इस बड़ी चोरी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लेकर सिकंदर कॉलोनी की तरफ जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि स्प्लेंडर सवार चोरों का सुराग लगाया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News