Ludhiana के आशियाना एन्क्लेव में चोरों का आतंक: निर्माणाधीन मकान से हजारों का सामान चोरी, लोगों में रोष

punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 02:57 PM (IST)

लुधियाना ( गणेश / सचिन ): महानगर के आशियाना एन्क्लेव क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामले में चोरों ने एक निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाते हुए हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके के लोगों में रोष है और उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पीड़ित मकान मालिक बिमल जौहरी ने बताया कि वह प्रतिदिन सुबह योग करने के लिए जाते हैं और इसी दौरान अपने निर्माणाधीन मकान की देखरेख के लिए भी पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन भी वह अपने एक मित्र के साथ सुबह के समय मकान पर पहुंचे थे। जब वह पानी भरने के लिए मकान के अंदर गए तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर में रखा सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती वस्तुएं गायब थीं। बिमल जौहरी के अनुसार चोर मकान में लगी बिजली की फिटिंग, बिजली के उपकरण, तारें, स्विच, बोर्ड और अन्य सामग्री उखाड़कर अपने साथ ले गए। इतना ही नहीं, घर में लगी टोटियां भी चोर खोलकर ले गए। उन्होंने बताया कि वह टेंट व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और मकान की ऊपरी मंजिल पर टेंट के सामान से भरे सात बोरे रखे हुए थे। जब उन्होंने जांच की तो पता चला कि उनमें से तीन बोरे गायब हैं। इन बोरों में कंबल और अन्य टेंट सामग्री रखी हुई थी, जिसकी कीमत भी काफी अधिक बताई जा रही है। पीड़ित का कहना है कि चोरों ने पूरी वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। मकान के बाहर लगी लोहे की ग्रिल के सहारे चोर ऊपर चढ़े और फिर घर के भीतर प्रवेश कर गए। वारदात के बाद चोर सामान लेकर फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने मकान के बाहर लगा बिजली का मीटर भी तोड़ दिया, जिससे यह साफ प्रतीत होता है कि आरोपियों को किसी प्रकार का डर नहीं था।

"नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है इलाका"
बिमल जौहरी ने आरोप लगाया कि आशियाना एन्क्लेव और आसपास का क्षेत्र धीरे-धीरे नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिन और रात खुलेआम नशा किया जाता है। कई बार नशे की हालत में लोग आपस में झगड़ते भी दिखाई देते हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में भय का माहौल बना रहता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग पहले भी कई बार पुलिस को इस संबंध में शिकायतें दे चुके हैं, लेकिन स्थिति में कोई विशेष सुधार देखने को नहीं मिला। उनके अनुसार यदि समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती तो संभवतः चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सकता था।

"चोरी अब आम बात बन चुकी है"
स्थानीय लोगों का कहना है कि आशियाना एन्क्लेव और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों के अनुसार आए दिन किसी न किसी घर, दुकान या निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाया जा रहा है। इसके बावजूद अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई न होने से चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन रात के समय नियमित गश्त बढ़ाए और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो भविष्य में और बड़ी घटनाएं भी हो सकती हैं।

थाना जमालपुर में दी शिकायत
घटना के बाद बिमल जौहरी ने थाना जमालपुर में लिखित शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस : परमजीत सिंह
जब इस मामले में पुलिस अधिकारी परमजीत सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि मुंडियां कलां क्षेत्र काफी बड़ा है और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनता का सहयोग आवश्यक है। यदि किसी व्यक्ति को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, क्षेत्रवासी अब पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद लगाए बैठे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News