Ludhiana रेलवे स्टेशन पर लोगों ने रंगे हाथों दबोचा जेबकतरा, चोरी का सामान बरामद
punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 01:24 PM (IST)
लुधियाना (गणेश/सचिन) : लुधियाना रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर के पास एक जेबकतरा उस समय लोगों के हत्थे चढ़ गया, जब वह भीड़ का फायदा उठाकर यात्रियों का सामान चोरी करने की कोशिश कर रहा था। आरोपी को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया और उसके कब्जे से मिले मोबाइल फोन तथा वॉलेट उनके असली मालिकों को वापस दिलवाए। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी काफी देर से टिकट काउंटर के आसपास घूम रहा था और यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। इसी दौरान वह एक व्यक्ति की जेब से मोबाइल फोन निकालने लगा, लेकिन लोगों ने उसकी हरकत देख ली। शोर मचते ही आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 3 मोबाइल फोन और एक पर्स बरामद हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने अपने-अपने सामान की पहचान कर उसे वापस ले लिया। इसके बाद आरोपी को रेलवे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों का कहना था कि रेलवे स्टेशन पर जेबकतरी और चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे यात्रियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि आरोपी पहले भी ऐसी वारदातों में शामिल रहा है या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

