Ludhiana में सरेराह महिला से पर्स छीनकर भाग रहे झपटमार, लोगों ने पकड़ की धुनाई
punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 09:11 AM (IST)
लुधियाना(राज): पीएयू के नजदीक उस समय हड़कंप मच गया, जब एक्टिवा सवार दो बेखौफ लुटेरों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उसका पर्स छीन लिया। लेकिन इस बार बदमाशों का दांव उल्टा पड़ गया। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे झपटमारों को वहां मौजूद एक दिलेर युवक ने अपनी जान पर खेलकर दबोच लिया।
हालांकि, इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर एक आरोपी मौके से भागने में कामयाब रहा, लेकिन दूसरे को जनता ने सड़क पर ही रोक लिया। वारदात के बाद गुस्साए लोगों ने पकड़े गए झपटमार को घेर लिया और उसकी जमकर क्लास लगाते हुए धुनाई कर दी। सरेराह हुई इस पिटाई के बाद आरोपी ने हाथ जोड़कर अपनी पहचान दशमेश नगर के निवासी के रूप में बताई। मौके पर मौजूद लोगों ने बदमाशों की एक्टिवा को भी अपने कब्जे में ले लिया है, जिसकी नंबर प्लेट बरामद हो चुकी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा और नंबर प्लेट को कब्जे में लेकर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि फरार हुए उसके दूसरे साथी को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

