सरेराह लूट: शराब ठेके के पास युवक से मोबाइल और नकदी छीनी, पुलिस ने दबोचे दो झपटमार

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 08:50 AM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर में बेखौफ घूम रहे लुटेरों ने एक बार फिर पुलिस की गश्त के दावों की हवा निकाल दी है। इस बार निशाना बना है काम से लौट रहा एक आम नागरिक, जिसे सरेराह घेरकर बाइक सवार दो बदमाश उसका मोबाइल और नकदी से भरा पर्स छीनकर रफूचक्कर हो गए। हालांकि, इस मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

शिकायतकर्ता पपंकज कुमार साहनी ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि वह बीते 9 मई को अपने काम से छुट्टी कर वापस घर लौट रहा था। जैसे ही वह सुआ रोड बाड़ेवाल के पास स्थित शराब के ठेके के नजदीक पहुंचा, तभी बाड़ेवाल चौक की तरफ से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक वहां आए। इससे पहले कि प्रेम कुमार कुछ समझ पाता, दोनों बदमाशों ने उसे घेर लिया और झपट्टा मारकर उसका वीवो (VIVO) कंपनी का मोबाइल फोन और पर्स छीन लिया। पीड़ित के मुताबिक, छीने गए पर्स में उसका आधार कार्ड, ई-श्रम कार्ड और 4700 रुपये की नकदी मौजूद थी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर तेजी से फरार हो गए।

वारदात की सूचना मिलते ही थाना सराभा नगर की पुलिस तुरंत हरकत में आई। मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तकनीकी सुरागों और मुखबिरों की मदद से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान रमनजोत और मोनू के रूप में हुई है, जो लुधियाना के ही सुनेत इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि इलाके में हुई अन्य वारदातों का भी सुराग लगाया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News