मोबाइल झपटकर भाग रहे लुटेरों का पीछा करना युवक को पड़ा भारी, बदमाशों ने बीच सड़क पर की जमकर पिटाई

punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 09:56 AM (IST)

लुधियाना(राज): शहर में झपटमारों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे न केवल वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, बल्कि उन्हें रोकने की कोशिश करने वाले निडर नागरिकों पर भी हमला करने से नहीं कतरा रहे। ऐसा ही एक मामला ताजपुर रोड के पास सामने आया है, जहां एक राहगीर का मोबाइल छीनकर भाग रहे लुटेरों को पकड़ने की कोशिश करने वाले शख्स के साथ बदमाशों ने सरेराह मारपीट की और जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए।

घटना 24 अप्रैल  की है, जब शिकायतकर्ता अपनी एक्टिवा (नंबर PB10ED-2038) पर सवार होकर निजी काम के लिए ताजपुर रोड की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मल्होत्रा चौक से थोड़ा आगे पुलिस कॉलोनी लाइट्स के पास पहुंचा, उसने देखा कि एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक एक राहगीर का मोबाइल छीनकर तेजी से पुलिस कॉलोनी की ओर भाग रहे हैं। साहस दिखाते हुए पीड़ित ने तुरंत अपनी एक्टिवा उनके पीछे दौड़ाई। शक के आधार पर उसने आगे जाकर एक मोटरसाइकिल को रोका और उनमें सवार युवकों से मोबाइल छीनने वालों के बारे में पूछताछ शुरू की।

इस दौरान मोटरसाइकिल के पीछे बैठे युवक ने तैश में आकर शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। हमलावर उसे जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से रफूचक्कर हो गए। पीड़ित ने हिम्मत नहीं हारी और अपने स्तर पर पड़ताल शुरू की, जिसमें हमलावर लुटेरों की पहचान मनी और शिवम वर्मा के रूप में हुई है। थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने इन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में छापेमारी तेज कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News