Ludhiana के इलाके में चोरों का आतंक, आधे घंटे में 2 दुकानों को बनाया निशाना

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 06:34 PM (IST)

लुधियाना (गणेश/सचिन): शहर के जमालपुर इलाके में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। बीती रात करीब 3 बजे से 3:30 बजे के बीच चोरों ने इलाके की 2 दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर दहशत फैला दी। खास बात यह रही कि दोनों वारदातें कुछ ही दूरी पर स्थित दुकानों में हुईं और चोर बेहद शातिर तरीके से पूरी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार सबसे पहले चोर एक्टिवा पर सवार होकर राम स्टेशनर्स एंड जनरल स्टोर पहुंचे। वहां पहुंचते ही चोरों ने सबसे पहले दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे को तोड़ दिए ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद एक चोर सब्बल की मदद से शटर उठाकर दुकान के अंदर घुस गया, जबकि उसका दूसरा साथी बाहर एक्टिवा स्टार्ट करके बैठा रहा और कैमरों की तरफ लाइट मारता रहा।

हालांकि चोर बाहर लगे कैमरे तो तोड़ने में कामयाब हो गए, लेकिन दुकान के अंदर लगे CCTV कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक चोर दुकान के अंदर सामान और नकदी की तलाश करता नजर आ रहा है, जबकि उसका साथी बाहर निगरानी करता रहा। दुकान मालकिन गुरदीप कौर ने बताया कि उनकी दुकान के 2 गेट हैं और दूसरा गेट हमेशा बंद रखा जाता है। उन्होंने कहा कि चोर अपने साथ सब्बल लेकर आए थे, जिसकी मदद से उन्होंने बिना ज्यादा आवाज किए शटर ऊपर उठा लिया। इसी कारण रात के समय उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी।

गुरदीप कौर ने बताया कि जब वह सुबह करीब 6 बजे उठीं और दुकान में पहुंचीं तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये गायब थे, जो उन्होंने दूध वाले को देने के लिए रखे हुए थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत 112 नंबर पर कॉल की। सूचना मिलते ही जमालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान के अंदर लगे CCTV कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है।

पीड़िता ने बताया कि उनकी दुकान से करीब 10 कदम की दूरी पर स्थित चौरसिया पान शॉप को भी उसी रात चोरों ने निशाना बनाया। दुकान मालिक ललता प्रसाद चौरसिया ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 5 बजे किसी राहगीर का फोन आया कि उनकी दुकान का शटर टूटा पड़ा है। जब वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकान के अंदर रखा काफी सामान गायब था। चोर दुकान से करीब 25 से 30 हजार रुपये का सामान और गल्ले में रखे 6 से 7 हजार रुपये नकदी चोरी करके ले गए। उन्होंने बताया कि वह रोजाना रात करीब 10 बजे दुकान बंद करते हैं और सुबह 9 बजे वापस आकर खोलते हैं।

इलाके के दुकानदारों का कहना है कि एक ही रात में 2 दुकानों में चोरी की वारदात होना पुलिस गश्त पर बड़े सवाल खड़े करता है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में डर और नाराजगी का माहौल है। दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में रात के समय गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। फिलहाल जमालपुर थाना पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News