लुधियाना के पॉश इलाके में लूट! कारोबारी के बेटे को बनाया निशाना

punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 02:06 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के सबसे पॉश और वीआईपी इलाके साउथ सिटी बायपास रोड पर सक्रिय बेखौफ लुटेरों ने पुलिस प्रशासन के सुरक्षा और गश्त के दावों की हवा निकाल दी है। इस बार शातिर लुटेरों ने एलएस्टी सिक्योरिटीज के पूर्व चेयरमैन अनुराग अरोड़ा के बेटे मनन अरोड़ा को अपना निशाना बनाया। स्विफ्ट कार में सवार होकर आए अज्ञात लुटेरों ने पहले मनन अरोड़ा को झांसा देकर कार से बाहर बुलाया, फिर सरेराह धक्का-मुक्की कर उनके गले से लगभग 2 तोले की कीमती सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी स्विफ्ट कार में सवार होकर तेज रफ्तार में फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना पीएयू (PAU) की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।

थाना पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित मनन अरोड़ा के पिता और कारोबारी अनुराग अरोड़ा ने बताया कि सोमवार रात उनका बेटा मनन अरोड़ा अपने दोस्तों के साथ अपनी गाड़ी में सवार होकर साउथ सिटी रोड स्थित 'श्री राम ग्लोबल स्कूल' के पास खड़ा था और कार के भीतर बैठकर बातचीत कर रहा था।इसी दौरान वहां पहले से घात लगाकर घूम रहे स्विफ्ट कार सवार बदमाशों ने साजिश रची। आरोपियों में से दो अज्ञात युवक पैदल मनन की कार के पास पहुंचे और उन्होंने कार का शीशा खटखटाकर मनन को किसी बात के बहाने बाहर निकलने को कहा। जैसे ही मनन अरोड़ा ने शीशा नीचे कर कार का दरवाजा खोला और बाहर निकले, तभी पीछे से आए दो अन्य युवकों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। 

बदमाशों ने मनन को जोरदार धक्का दिया और फुर्ती दिखाते हुए उनके गले में पहनी लगभग 2 तोले की सोने की चेन पर झपट्टा मारकर तोड़ ली। जब तक मनन या उनके दोस्त संभल पाते और लुटेरों को दबोचते, सभी आरोपी पीछे स्टार्ट खड़ी अपनी स्विफ्ट कार में सवार हुए और मुख्य हाईवे की तरफ तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाकर फरार हो गए।  थाना पीएयू (PAU) की पुलिस ने इस मामले में शिकायत लेकर  आगे की जांच शुरू कर दी है।पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस फुटेज के जरिए बदमाशों की स्विफ्ट कार के नंबर और आरोपियों के भागने के रूट को ट्रेस कर रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News