Punjab : कनाडा में हादसे में लुधियाना के बुजुर्ग दंपती की मौत, इलाके में डूबी शोक की लहर
punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 12:06 AM (IST)
लुधियाना : कनाडा से एक दुखभरी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि कनाडा के एडमोंटन शहर में एक तीन मंजिला रिहायशी और व्यावसायिक इमारत में लगी भीषण आग में पंजाब के लुधियाना जिले के आलीवाल गांव के एक बुजुर्ग दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान 82 वर्षीय मेजर सिंह भंडाल और उनकी 80 वर्षीय पत्नी सुरिंदर कौर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों अपनी बेटी के पास कनाडा में रह रहे थे। इसी दौरान एडमोंटन के 132 एवेन्यू और 82 स्ट्रीट के पास स्थित तीन मंजिला इमारत में अचानक आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई लोग प्रभावित हुए। इस हादसे में मेजर सिंह भंडाल और उनकी पत्नी सुरिंदर कौर की मौत हो गई। घटना की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव आलीवाल पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों ने दंपती के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।


