लुधियाना में ''होटल'' में सज रही जुए की महफिलें, 3 मंजिलों पर सरेआम चल रहा जुए का ''काला कारोबार''
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 05:06 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के पाश इलाकों में शुमार पक्खोवाल रोड स्थित पासी चौक के नजदीक कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाता हुआ एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नामी होटल की आड़ में रोजाना सरेआम जुए का अघोषित 'कैसीनो' चलाया जा रहा है। हैरान कर देने वाली बात यह है कि होटल की एक नहीं, बल्कि पूरी 3 मंजिलों पर रोजाना शाम 5 बजे से लेकर तड़के तक जुए की बड़ी-बड़ी बाजियां लगाई जा रही हैं। लाखों रुपये के इस काले खेल और अवैध अड्डे की भनक तक न होने का दावा करने वाली पुलिस प्रशासन की गश्त और खुफिया तंत्र पर अब बड़े सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।
3 मंजिलों पर सजती है महफिल... शाम ढलते ही जमा होते हैं नामी 'जुआरी'
'पंजाब केसरी' को मिली एक्सक्लूसिव जानकारी के मुताबिक, पासी चौक के पास स्थित इस होटल को जुए का अड्डा बना दिया गया है। रोजाना शाम 5 बजते ही यहां लग्जरी गाड़ियों में बड़े-बड़े जुआरियों का जमावड़ा शुरू हो जाता है, जो तड़के (सुबह) तक चलता है। होटल की तीनों मंजिलों पर टेबल सजाकर लाखों-करोड़ों के दांव लगाए जाते हैं। बाहरी लोगों की नजरों से बचने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, लेकिन होटल के भीतर चल रहे इस काले धंधे ने पूरे इलाके के माहौल को असुरक्षित बना दिया है।
बाप चलाता है NGO, बेटा होटल में खिलवाता है 'सरेआम जुआ'
इस पूरे 'कैसीनो कांड' के पीछे जिस शख्स का दिमाग है, उसकी प्रोफाइल भी बेहद विवादास्पद है। सूत्रों के मुताबिक, जिस व्यक्ति ने यह होटल लीज पर ले रखा है, वही इस जुए के अवैध धंधे का मुख्य मास्टरमाइंड है और पूरी महफिल सजवाता है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी का पिता शहर में एक तथाकथित एनजीओ (NGO) चलाता है और खुद को समाज सुधारक बताता है। चर्चा तो यह भी है कि पूर्व में एक अन्य एनजीओ में हुए एक बड़े आर्थिक घोटाले के गंभीर आरोपों के चलते आरोपी के पिता को एनजीओ से बाहर का रास्ता भी दिखा दिया गया था। अब पिता की छत्रछाया और एनजीओ के रसूख की आड़ में बेटा सरेबाजार होटल में जुए का यह काला कारोबार बेखौफ चला रहा है।
"मेरी पुलिस में तगड़ी सेटिंग, रेड नहीं हो सकती!" खाकी के नाम पर ठोंक रहा ताल
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू आरोपी का वो दावा है, जो वह जुए के अड्डे पर आने वाले ग्राहकों के सामने करता है। आरोपी सरेआम शेखी बघारता है कि उसकी स्थानीय पुलिस और आला अधिकारियों के साथ 'तगड़ी सेटिंग' है। वह जुआरियों को पूरा भरोसा दिलाता है कि उसके होटल पर पुलिस कभी रेड नहीं कर सकती और खाकी उसका बाल भी बांका नहीं कर सकती। खाकी के नाम पर इस तरह सरेबाजार बोली लगाने और पुलिस की साख पर बट्टा लगाने वाले इस जुआ माफिया के हौसले पूरी तरह सातवें आसमान पर हैं।
अब पुलिस कार्रवाई करती है या सच में चल रहा सेटिंग का खेल
पक्खोवाल रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर 3 मंजिलों पर रोजाना जुआ खेलना और पुलिस की 'सेटिंग' का दावा करना सीधे तौर पर लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट को खुली चुनौती है। अब देखना यह होगा कि शहर के पुलिस कप्तान और संबंधित थाना प्रभारी इस 'काले होटल' पर तुरंत रेड मारकर सख्त कानूनी कार्रवाई करते हैं या फिर यह मामला भी खाकी की 'मेहरबानी' की भेंट चढ़ जाएगा?
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

