करोड़ों का इन्वेस्टमेंट फ्रॉड! ट्रैक्टर पार्ट्स कारोबार के नाम पर 3 करोड़ की ठगी
punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 11:20 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में व्यापार और निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले शातिर सफेदपोश ठगों का एक और बेहद सनसनीखेज घोटाला सामने आया है। यहां एक सोची-समझी साजिश के तहत पीड़ित को ट्रैक्टर स्पेयर पार्ट्स के कारोबार में मोटी रकम लगाने और उस पर भारी मुनाफा कमाने का सब्जबाग दिखाया गया। जालसाजों ने पीड़ित की जिंदगी भर की कमाई के 3 करोड़ 27 लाख 50 हजार रुपये बिजनेस में इनवेस्ट करवा लिए। इसके बाद धोखाधड़ी की पराकाष्ठा करते हुए प्रमोटर्स ने मुनाफे के नाम पर महज 27 लाख 50 हजार रुपये का लॉलीपॉप थमाया और बाकी के करीब 3 करोड़ रुपये वापस न करके सरेआम चूना लगा दिया।
गगन जिंदल ने बताया कि नामजद शातिर आरोपियों ने कुछ समय पहले उससे संपर्क साधा था और खुद को ट्रैक्टर स्पेयर पार्ट्स के बड़े कारोबारी के रूप में पेश किया था। आरोपियों ने पीड़ित को भरोसा दिलाया था कि अगर वह उनके इस चलते हुए बिजनेस में एक बड़ी रकम का निवेश करता है, तो उसे हर महीने बिना किसी जोखिम के मोटा मुनाफा दिया जाएगा। आरोपियों के झांसे और ऊंची-ऊंची बातों में आकर पीड़ित ने अपने बैंक खातों और जमा पूंजी से कुल 3,27,50,000 रुपये की भारी-भरकम राशि आरोपियों के बताए अनुसार बिजनेस में लगा दी। धोखाधड़ी का खेल तब शुरू हुआ जब निवेश की अवधि पूरी होने के बाद पीड़ित ने अपने मुनाफे और मूलधन की मांग की। आरोपियों ने शुरुआत में टालमटोल की और दबाव बढ़ने पर पीड़ित का मुंह बंद करने के लिए महज 27 लाख 50 हजार रुपये की छोटी सी रकम मुनाफे के तौर पर उसके हवाले कर दी।
इसके बाद जब पीड़ित ने अपनी बाकी बची मुख्य रकम करीब 3 करोड़ रुपये वापस मांगी, तो आरोपियों के तेवर पूरी तरह बदल गए। आरोपियों ने पैसे देने से साफ मना कर दिया और पीड़ित को धमकी देनी शुरू कर दी। पीड़ित को तब अहसास हुआ कि मुनाफे का झांसा तो सिर्फ एक जाल था, जिसके पीछे उसकी पूरी रकम हड़पने की एक सोची-समझी गहरी साजिश रची गई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश रचने और धोखाधड़ी (BNS की सुसंगत धाराओं) के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

